Rishikesh Hotel Lift Accident: Five Tourists Seriously Injured After Elevator Falls From Fifth Floor
- तीर्थनगरी ऋषिकेश में होटल की लिफ्ट बनी मौत का फंदा
- होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
Rishikesh@Rashtriy Vichar#Accident#। तीर्थनगरी ऋषिकेश में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। वीरभद्र रोड स्थित एक होटल की लिफ्ट अचानक पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे के वक्त लिफ्ट में सवार फरीदाबाद के पांच पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल पर्यटक पेशे से पत्रकार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, सभी पर्यटक देर रात होटल की पांचवीं मंजिल पर भोजन करने पहुंचे थे। भोजन के बाद वे लिफ्ट के जरिए ग्राउंड फ्लोर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ गया और तेज झटके के साथ लिफ्ट नीचे आ गिरी। हादसे के बाद होटल परिसर में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही एम्स पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में घायल पर्यटकों में शामिल वरुण कुमार और मनोज सूर्यवंशी ने हादसे को बेहद भयावह बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। उनका कहना है कि हादसे में एक साथी के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए हैं, जबकि दूसरे के हाथ में गंभीर चोट आई है। अन्य घायलों को भी शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद पर्यटकों और उनके परिजनों में भारी नाराजगी है। उन्होंने होटल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। लिफ्ट की तकनीकी खामियों और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।
एम्स पुलिस चौकी प्रभारी देवेंद्र पंवार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
