Dharchula Fuel Situation Under Control: Administration Confirms Adequate Petrol and Diesel Supply
- आदि कैलाश यात्रा के बीच बढ़ी मांग
- प्रशासन बोला, पेट्रोल पंपों पर स्टॉक सामान्य, घबराने की जरूरत नहीं
नदीम परवेज@ धारचूला। क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल को लेकर दिनभर बनी अफरातफरी के बाद जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि दोनों पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। खाद्य पूर्ति निरीक्षक विरेंद्र सिंह के अनुसार प्रशासन लगातार ईंधन स्टॉक की निगरानी कर रहा है और जनता को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

सुबह पुराने पेट्रोल पंप पर यात्रियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे कुछ समय के लिए अफरातफरी और वाद-विवाद की स्थिति बन गई। हालांकि शाम तक स्थिति सामान्य हो गई। प्रशासन और खाद्य पूर्ति विभाग की टीम ने दोनों पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पुनेरा पंप पर लगभग 16 हजार लीटर डीजल और पर्याप्त पेट्रोल पाया गया, जबकि महाकाली पेट्रोल पंप पर नए टैंकर से करीब 8 हजार लीटर डीजल और 4 हजार लीटर पेट्रोल की आपूर्ति पहुंची। अधिकारियों के अनुसार एक घंटे के भीतर यहां से नियमित आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर जाने वाले वाहनों को फुल टैंक ईंधन दिया जा रहा है, जबकि बाहर जाने वाले वाहनों को अन्य मार्गों के पंपों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने कहा कि बढ़ती यात्रा और मांग को देखते हुए आपूर्ति पर दबाव जरूर है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अनावश्यक भंडारण न करें और केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लें।
