Congress leader Amit Sihag calls for protecting voting rights and strengthening democracy at a press conference in Muni Ki Reti during the ‘Vote Bachao, Desh Bachao’ campaign.
- वोट की ताकत बचाने के लिए कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान
-
मुनिकीरेती में अमित सिहाग ने उठाए चुनावी प्रक्रिया पर सवाल
-
मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग
वाचस्पति रयाल@नरेंद्रनगर। कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के कार्यक्रम प्रभारी एवं हरियाणा की डबवाली विधानसभा सीट से पूर्व विधायक अमित सिहाग ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि वोट की ताकत जनता के हाथ में रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट की ताकत को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिनका कांग्रेस विरोध करेगी। रविवार को मुनिकीरेती में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती लोकतंत्र की रक्षा करना है और इसे मजबूत बनाए रखने के लिए मतदान प्रक्रिया में जनता का विश्वास कायम करना जरूरी है।
सिहाग ने आरोप लगाया कि वोट की कथित चोरी से लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि देश को बचाने के लिए वोट को बचाना होगा। कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से आम लोगों को चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक कर रही है। उन्होंने दावा किया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और मतदान व्यवस्था को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस का यह अभियान देशभर के राज्यों में पूरे महीने चलाया जाएगा। इसके बाद दिल्ली में बड़ी रैली आयोजित कर चुनावी व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने, ईवीएम के स्थान पर बैलेट पेपर से चुनाव कराने और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं को संदिग्ध श्रेणी में रखे जाने की प्रक्रिया समाप्त करने की मांग की।
हरियाणा चुनाव में गड़बड़ी का लगाया आरोप
हरियाणा विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सिहाग ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष हुए चुनाव में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई थीं। उन्होंने मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के चुनावों का भी उल्लेख करते हुए चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। ये आरोप उन्होंने कांग्रेस के अभियान के संदर्भ में रखे।
सिहाग ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय मुद्दों के साथ उत्तराखंड के स्थानीय मुद्दों को भी मजबूती से उठा रही है। पार्टी जनता की समस्याओं को मंच देने के साथ कार्यकर्ताओं के माध्यम से सड़कों पर संघर्ष कर रही है।
2027 में सत्ता परिवर्तन का किया दावा
उत्तराखंड की राजनीति पर बात करते हुए सिहाग ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा और कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से लोग परेशान हैं और उसके खिलाफ जनता में नाराजगी है। उन्होंने दावा किया प्रदेश में इस बार चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में होंगे, और भाजपा सत्ता से बेदखल होगी।
इस मौके पर पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल, दिनेश व्यास, पूर्व ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र कंडारी, पूर्व जिपंस दयाल सिंह रावत,शहर अध्यक्ष सूरत सिंह आर्य,बलदेव भंडारी,सबल सिंह पंवार,टंखी सिंह चौहान, राजेंद्र सिंह गुसाईं,अनिल रावत, प्रताप भंडारी, नगर पालिका नरेंद्रनगर के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, श्रीमती दुर्गा राणा, पूर्ण सिंह पुंडीर, राकेश राणा, यशपाल सिंह चौहान, विनोद सकलानी, गजेंद्र सजवाण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
