A new parking facility is being developed in Dharchula, a key stop on the Adi Kailash Yatra, to ease traffic congestion and improve convenience for tourists and local residents.
- धारचूला में पार्किंग से जाम से मिलेगी राहत, खामियां दूर होने का इंतजार
नदीम परवेज@ धारचूला। आदि कैलाश यात्रा के प्रमुख पड़ाव धारचूला में पार्किंग की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी पार्किंग की समस्या के समाधान की दिशा में नगर में पार्किंग स्थल का निर्माण शुरू हो गया है। इससे बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिलने की उम्मीद है।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित धारचूला में हर साल देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक आदि कैलाश के दर्शन और हिमालय की खूबसूरती निहारने पहुंचते हैं। पर्यटक वाहनों की बढ़ती आवाजाही के बीच पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से बाजार में जाम की स्थिति बनती है। स्थानीय लोगों ने भी कई बार इस समस्या को शासन-प्रशासन के सामने उठाया है।
अब निर्माणाधीन पार्किंग परिसर में भवन, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। हालांकि, परिसर में स्ट्रीट लाइटें लगाई जानी बाकी हैं। इनके स्थापित होने से रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सकेगी।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि पार्किंग का संचालन जल्द शुरू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
हालांकि, पार्किंग स्थल पर कुछ खामियां भी सामने आई हैं। ऐसे में संचालन शुरू करने से पहले इन कमियों को दूर करना जरूरी है, ताकि स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्किंग कब तक पूरी तरह तैयार होकर आम जनता के लिए शुरू होती है।
