Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami reviews highway repair work, directs officials to ensure pothole-free roads by November 1, and orders immediate improvements in Devprayag public toilet cleanliness.
- श्रीनगर-देवप्रयाग हाईवे के कार्यों का किया निरीक्षण
- मलेथा में भाजपा कार्यकर्ताओं से मिले
- संगम पर मां गंगा को किया नमन
वाचस्पति रयाल@ नरेन्द्रनगर/श्रीनगर। गैरसैंण विधानसभा सत्र से देहरादून लौटते समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे निर्माण एवं सड़क सुधार कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि प्रदेश की सड़कों को एक नवंबर तक गड्ढामुक्त बनाने के लक्ष्य के अनुरूप काम किया जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में जुटे इंजीनियरों और श्रमिकों से संवाद कर मौके पर चल रहे कार्यों का फीडबैक लिया। उन्होंने सड़क सुधार कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए। रास्ते में कीर्तिनगर के मलेथा स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचकर उन्होंने पार्टी प्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की।
देवप्रयाग के पास मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे स्थित सुलभ शौचालय का निरीक्षण किया। यहां सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिशासी अधिकारी को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने देवप्रयाग संगम के दर्शन कर मां गंगा को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण आवागमन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सड़क सुधार और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गंदगी पर ईओ को फटकार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवप्रयाग में सार्वजनिक शौचालय की साफ-सफाई और रखरखाव का निरीक्षण किया। स्वच्छता व्यवस्था में अपेक्षित सुधार न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारी (ईओ) को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवप्रयाग धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक सुविधाओं का स्वच्छ और सुव्यवस्थित होना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित सफाई, उचित रखरखाव और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भाजपा कार्यालय में लोगों से मिले धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कीर्तिनगर के मलेथा स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों का हालचाल जाना। इस दौरान स्थानीय निवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी मुख्यमंत्री से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान जनसंपर्क को प्राथमिकता देते हुए लोगों से सीधे संवाद किया।
श्रीनगर में मंगल टी स्टॉल पर रुके सीएम धामी,खुद परोसी लोगों को चाय
सोमवार को गैरसैंण विधानसभा सत्र से लौटते समय श्रीनगर में सीएम धामी की सहजता और सादगी एक बार फिर देखने को मिली। जीवीके हेलीपैड से सड़क मार्ग के जरिए देहरादून लौटते वक्त मुख्यमंत्री श्रीनगर चुंगी के पास मंगल सिंह की चाय की दुकान पर अचानक रुक गए। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ चाय की चुस्की ली और आत्मीय संवाद कर आम लोगों के बीच अपनी सहज मौजूदगी का अहसास कराया।
मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान धामी ने न केवल लोगों के साथ बैठकर चाय पी, बल्कि खुद बच्चियों, नागरिकों और अधिकारियों को चाय भी परोसी। मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। आमतौर पर व्यस्त कार्यक्रमों और सुरक्षा घेरे में रहने वाले मुख्यमंत्री को एक सामान्य चाय की दुकान पर इस तरह लोगों के साथ समय बिताते देख स्थानीय लोग उत्साहित नजर आए।
‘लोकल फॉर वोकल’ को बढ़ावा
मुख्यमंत्री का यह कदम केवल चाय की दुकान पर रुकने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके जरिए उन्होंने स्थानीय कारोबार और छोटे दुकानदारों को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया। उनकी इस पहल को ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना से जोड़कर देखा गया। स्थानीय दुकानों पर खरीदारी और छोटे कारोबारियों के साथ संवाद से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है और स्थानीय लोगों की आजीविका को सहारा मिलता है।
