A helicopter flying from Badrinath to Dehradun crashed near Joshimath in Chamoli district amid snowfall, killing the pilot and five passengers.
- बर्फबारी के बीच उड़ा हेलीकॉप्टर हाथी पर्वत पर क्रैश
- बर्फबारी के बीच उड़ान बनी काल
राष्ट्रीय विचार@देहरादून। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में बदरीनाथ धाम से देहरादून आ रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पायलट कैप्टन हिमांशु और पांच यात्री शामिल हैं। हादसे के बाद खराब मौसम और कम दृश्यता के बीच हेलीकॉप्टर उड़ानों के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर ने दोपहर 1:14 बजे बर्फबारी के बीच बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ देर बाद ही हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास हाथी पर्वत क्षेत्र में लापता हो गया। इसके बाद जिला प्रशासन को हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। हादसे में किसी के जीवित बचने की जानकारी नहीं मिली।
मृतकों में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा यात्री प्रथापा, अरुण, शंकर गोवडा, सुधीर के. और एचएस नटराजा शामिल हैं।
इस हादसे ने एक बार फिर उत्तराखंड में चारधाम हेली सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषकर मौसम के ऑरेंज अलर्ट, बर्फबारी और कम दृश्यता के बावजूद उड़ान संचालन को लेकर चिंता बढ़ गई है। गौरतलब है कि एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की पूर्ववर्ती जांच रिपोर्टों में भी उड़ान संचालन से जुड़ी खामियां और मौसम संबंधी मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) की कमियां उजागर हो चुकी हैं। ऐसे में हादसे के कारणों और उड़ान सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जरूरत फिर सामने आई है।
