PM Modi Shares Kedarnath Memories, Expresses Deep Spiritual Connection
- पीएम मोदी पूर्व में की गई अपनी केदारनाथ प्रवास की भावुक तस्वीरें साझा कीं
Deharadun@Rashtriy Vichar।नरेन्द्र मोदी ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के पावन अवसर पर एक बार फिर बाबा केदार के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा और आध्यात्मिक जुड़ाव को व्यक्त किया। बुधवार देर शाम उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अपने पूर्व केदारनाथ प्रवास की भावुक तस्वीरें साझा कीं, जिनमें उनकी साधना और आध्यात्मिक क्षणों की झलक दिखाई दी।
प्रधानमंत्री द्वारा साझा की गई इन तस्वीरों ने श्रद्धालुओं के बीच एक अलग ही भावनात्मक माहौल बना दिया। यह तस्वीरें केवल स्मृतियां नहीं, बल्कि उस आध्यात्मिक संबंध का प्रतीक हैं, जो प्रधानमंत्री और बाबा केदार की तपोभूमि के बीच गहराई से जुड़ा हुआ है।
इस पर पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कदम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम, जहां भक्ति, तप और श्रद्धा का संगम होता है, वहीं से प्रधानमंत्री का यह संदेश लोगों के हृदय को स्पर्श कर रहा है और उन्हें आध्यात्मिक रूप से जोड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह संवाद केवल एक भावनात्मक अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि चारधाम यात्रा को आत्मिक जागरण की यात्रा के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। बाबा केदार के धाम में गूंजता “हर-हर महादेव” का उद्घोष प्रधानमंत्री की इस श्रद्धाभिव्यक्ति के साथ और अधिक प्रभावी हो गया है, जिससे देशभर में भक्ति का उत्साह नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में चारधाम यात्रा को भारत की सांस्कृतिक एकता का आधार बताते हुए श्रद्धालुओं से “डिजिटल उपवास” रखने, आत्मिक शांति का अनुभव करने और स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सेवा, “वोकल फॉर लोकल” तथा अनुशासन जैसे पांच संकल्पों का पालन करने का आह्वान किया था।
