India–China Border Trade to Resume via Lipulekh Pass After 6 Years
नदीम परवेज@ पिथौरागढ़। करीब छह साल के लंबे अंतराल के बाद भारत–चीन सीमा व्यापार एक बार फिर शुरू होने जा रहा है। लिपुलेख दर्रा के रास्ते प्रस्तावित इस व्यापार को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। विदेश मंत्रालय से अनापत्ति मिलने के बाद व्यापार सत्र को हरी झंडी मिल चुकी है।
जून से सितंबर तक चलेगा व्यापार
बैठक में बताया गया कि व्यापार जून के पहले सप्ताह से शुरू होकर सितंबर तक संचालित होगा। मौसम अनुकूल रहने पर इसकी अवधि बढ़ाने का प्रस्ताव भी भेजा जा सकता है। सभी व्यवस्थाएं विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित होंगी।
सड़क, नेटवर्क और सुरक्षा पर फोकस
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि व्यापार शुरू होने से पहले सड़क, संचार, बैंकिंग, सुरक्षा और आवास की व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। BSNL को नेटवर्क मजबूत करने और स्थानीय विभागों को गुंजी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।
व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा
तकलाकोट व्यापार से जुड़े स्थानीय व्यापारियों—जीवन सिंह रोकली, दौलत रायपा, नरेश रायपा, अरविंद सिंह, ज्ञानेश गर्बियाल और लक्ष्मी बुदियाल—ने बैठक में अपनी समस्याएं रखीं। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों को मंत्रालय स्तर तक पहुंचाकर समाधान किया जाएगा।
करीब छह वर्षों बाद फिर से शुरू हो रहा यह व्यापार क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाला माना जा रहा है। प्रशासन ने आमजन और यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
