Reconstruction of Nainital’s damaged Mall Road is progressing rapidly. All 122 anchors and grounding work are complete, while 36 of 51 piling works have been finished.
- 122 एंकर और ग्राउंडिंग का काम पूरा, 51 में से 36 पाइलिंग पूरी
नीरज सती@ रामनगर ( नैनीताल)। पिछले वर्ष क्षतिग्रस्त हुई नैनीताल की ऐतिहासिक मॉल रोड के पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है। प्रशासन का लक्ष्य सड़क को मजबूत, सुरक्षित और टिकाऊ बनाते हुए निर्धारित समय सीमा में काम पूरा कराना है, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को जल्द सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
THDC से कराया गया तकनीकी सर्वेक्षण: जिलाधिकारी ने कहा कि मॉल रोड नैनीताल की लाइफलाइन है और शहर में आमजन की आवाजाही के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क के पुनर्निर्माण में गुणवत्ता और दीर्घकालिक मजबूती को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से टीएचडीसी की ओर से तकनीकी सर्वेक्षण कराया गया और विशेषज्ञों की राय के आधार पर मॉल रोड का नया डिजाइन तैयार किया गया है।
PWD कर रहा निमार्ण: वर्तमान में लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी के अनुसार परियोजना के तहत प्रस्तावित 122 एंकर लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही ग्राउंडिंग का काम भी पूरा हो चुका है। वर्तमान में पाइलिंग का कार्य तेजी से जारी है। कुल 51 पाइलिंग में से अब तक 36 पाइलिंग पूरी की जा चुकी हैं। पाइलिंग का कार्य पूरा होने के बाद स्लैब निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।
गुणवत्ता पर DM के सख्त निर्देश: जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो। उन्होंने कहा कि कार्य की मजबूती और गुणवत्ता के साथ उसकी गति पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि निर्धारित समय में परियोजना पूरी हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार निर्माण कार्य की निगरानी कर रहा है और प्रयास है कि मॉल रोड को जल्द से जल्द सुरक्षित एवं सुगम बनाकर आमजन के लिए आवागमन बहाल किया जा सके।
