Heavy rainfall caused mud and waterlogging in Kumarkheda, Narendra Nagar, blocking drains and flooding roads. Municipal teams cleared debris after the rain stopped.
- नालियां मलबे से पटीं, बस्ती में घुसा बरसाती पानी
- बारिश थमते ही पालिका ने चलाया सफाई अभियान
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। इस बरसात की पहली भीषण बारिश ने नरेंद्रनगर के कुमारखेड़ा वासियों की रात की नींद और दिन का चैन छीन लिया। सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश के बाद क्षेत्र में जगह-जगह मलबा और पानी भर गया। करीब डेढ़ से दो घंटे की तेज बारिश के बाद सड़क की नालियां भारी मलबे में दब गईं, जिससे बरसाती पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई।
बस्ती की सड़क पर जमा हुआ भारी मलबा: राजमहल के जिम पार्क और कांडा क्षेत्र के निचले हिस्से से पानी के तेज बहाव के साथ मिट्टी-पत्थरों का मलबा ढलान से तेजी से नीचे आया और कुमारखेड़ा बस्ती की सड़क पर जमा हो गया। देखते ही देखते ऋषिकेश-टिहरी मोटर मार्ग का कुमारखेड़ा हिस्सा नदी और तालाब में तब्दील हो गया। सड़क पर भारी मात्रा में पानी और मलबा जमा होने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
युवाओं ने संभाला मोर्चा: स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब बरसात का गंदा पानी सड़क से नीचे स्थित बस्ती की ओर जाने लगा। पानी को घरों में घुसने से रोकने के लिए स्थानीय युवाओं ने मोर्चा संभाला। युवाओं ने नालियों में जमा मलबा हटाकर पानी का रुख नाली की ओर किया और बस्ती को जलभराव से बचाने का प्रयास किया।
पालिका हुई मुस्तैद: कुमारखेड़ा में बारिश से नुकसान की आशंका की सूचना मिलते ही पालिका प्रशासन और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने लगातार अधिकारियों और स्थानीय लोगों से संपर्क बनाए रखा। उन्होंने लोगों से धैर्य रखने की अपील करते हुए बारिश थमने के बाद तत्काल मलबा हटाने और नालियों की सफाई कराने का भरोसा दिया। स्वास्थ्य मंत्री एवं वन मंत्री के प्रतिनिधि विनोद गंगोटी ने भी पालिका की ओर से किए जा रहे प्रयासों की पुष्टि की।
मंगलवार को बारिश थमते ही पालिका अध्यक्ष के निर्देश पर कुमारखेड़ा में सफाई अभियान शुरू किया गया। मजदूरों को मलबे से पूरी तरह पटी नालियों की सफाई में लगाया गया और सड़क पर जमा पानी की निकासी कराई गई। नालियों की सफाई और पानी की निकासी होने के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने समय पर कार्रवाई के लिए पालिका प्रशासन और पालिका अध्यक्ष का आभार जताया।
