ECT therapy facility has started at Tehri District Hospital, helping patients with severe depression, schizophrenia and catatonia access specialized treatment closer to home.
- अब बौराड़ी जिला अस्पताल में भी ईसीटी थेरेपी
- मानसिक रोगियों को बड़ी राहत
- गंभीर मानसिक रोगों का बौराड़ी में होगा उपचार
वाचस्पति रयाल@ नई टिहरी। टिहरी जिला अस्पताल बौराड़ी में गंभीर मानसिक रोगियों के उपचार के लिए ईसीटी (इलेक्ट्रोकन्वल्सिव थेरेपी) की सुविधा शुरू हो गई है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अस्पताल पहुंचकर ईसीटी मशीन का निरीक्षण किया और इसकी कार्यप्रणाली व उपचार में उपयोगिता की जानकारी लेने के बाद सुविधा का शुभारंभ किया। जिला अस्पताल स्तर पर इस तरह की सुविधा शुरू होना प्रदेश में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। अब गंभीर मानसिक रोगियों को ईसीटी उपचार के लिए देहरादून या अन्य बड़े अस्पतालों का रुख करने की जरूरत कम होगी।
मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज ने जिलाधिकारी को बताया कि ईसीटी गंभीर मानसिक रोगों के उपचार की प्रमाणित पद्धति है। इसका उपयोग गंभीर डिप्रेशन, स्किजोफ्रेनिया और कैटाटोनिया समेत मानसिक रोगों के कुछ मामलों में किया जाता है। खासकर ऐसे मरीजों में यह उपचार उपयोगी हो सकता है, जिनमें दवाओं से अपेक्षित लाभ नहीं मिलता या तत्काल प्रभावी उपचार की आवश्यकता होती है।
उन्होंने बताया कि ईसीटी में चिकित्सकीय मानकों के अनुसार नियंत्रित विद्युत उत्तेजना दी जाती है, जिससे मस्तिष्क की विद्युत गतिविधि में नियंत्रित परिवर्तन होता है। पूरी प्रक्रिया विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत की जाती है। उपचार के बाद मरीज की स्थिति की निगरानी कर चिकित्सक आगे की उपचार योजना तय करते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला अस्पताल में ईसीटी सुविधा शुरू होना जनपद के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे गंभीर मानसिक रोगियों को समय पर उपचार मिल सकेगा और जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि मानसिक रोगों को लेकर झिझक या नकारात्मक सोच नहीं होनी चाहिए। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी अन्य बीमारियों की तरह उपचार योग्य हैं। लोगों को बिना संकोच विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेना चाहिए।
उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशे की लत से प्रभावित लोगों की काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य उपचार में मनोरोग विशेषज्ञों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। ईसीटी सुविधा शुरू करने के लिए चिकित्सा एवं मनोरोग विशेषज्ञों की टीम को बधाई दी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ अस्पताल की विभिन्न ओपीडी और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। सीएमएस डॉ. बृजेश डोभाल ने बताया कि ओएनजीसी के सीएसआर मद से उपलब्ध कराई गई एडवांस ऑपरेशन थियेटर टेबल मिलने के बाद ईसीटी थेरेपी का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है। ओएनजीसी से उपलब्ध अन्य उपकरणों का भी अस्पताल में उपयोग किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश सहित चिकित्सक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
