Doctors at Sri Dev Suman Hospital, Narendranagar, successfully performed emergency surgery for testicular torsion, restoring blood flow and saving the patient’s testicle.
- तेज दर्द के बाद तत्काल सर्जरी
- टेस्टिकुलर टॉर्शन से पीड़ित मरीज का बचाया अंडकोष
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। श्री देव सुमन चिकित्सालय, नरेंद्रनगर में चिकित्सकों ने तत्परता और सूझबूझ से टेस्टिकुलर टॉर्शन से पीड़ित मरीज का सफल आपातकालीन ऑपरेशन कर उसका अंडकोष बचा लिया। मरीज को तेज अंडकोष के दर्द की शिकायत के साथ अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। चिकित्सकों ने तत्काल जांच कराई, जिसमें अल्ट्रासाउंड के जरिए टेस्टिकुलर टॉर्शन की पुष्टि हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिना समय गंवाए ऑपरेशन का निर्णय लिया गया।
मरीज को हाई ब्लड प्रेशर के साथ सीओपीडी की समस्या भी थी, जिससे ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद सर्जिकल और एनेस्थीसिया टीम के बेहतर समन्वय से आपातकालीन सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की गई। ऑपरेशन के दौरान अंडकोष की मरोड़ खोलने के बाद उसमें रक्त प्रवाह संतोषजनक पाया गया। इससे अंडकोष को निकालने की जरूरत नहीं पड़ी। सफल उपचार के बाद मरीज की स्थिति सामान्य है और उसे अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है।
यह उपचार मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित राय के मार्गदर्शन में हुआ। सर्जिकल टीम में जनरल सर्जन डॉ. दीपाशा वर्मा और एनेस्थेटिस्ट डॉ. अनुराग अग्रवाल की अहम भूमिका रही। नर्सिंग स्टाफ गीता और वार्ड बॉय विपिन ने भी सहयोग किया।
चिकित्सकों ने बताया कि टेस्टिकुलर टॉर्शन में समय पर पहचान और तत्काल सर्जरी बेहद महत्वपूर्ण होती है। देरी होने पर अंडकोष को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
