Vasuki Tal Trek Near Kedarnath Now Requires Mandatory Forest Department Permission
- सुरक्षा के लिए नया नियम लागू, खराब मौसम में नहीं मिलेगी ट्रैकिंग की इजाजत
रुद्रप्रयाग@Rashtriy Vichar#। केदारनाथ धाम से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित वासुकीताल ट्रैक पर जाने के लिए अब पर्यटकों को वन विभाग से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की है। बिना अनुमति किसी भी पर्यटक को वासुकीताल ट्रैक पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि वासुकीताल का मार्ग दुर्गम, ऊंचाई वाला और जोखिमपूर्ण है। कई बार पर्यटक रास्ता भटक जाते हैं, जिससे प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीमों को उन्हें सुरक्षित वापस लाने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि बदलते मौसम, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी और अन्य प्राकृतिक जोखिमों को देखते हुए पर्यटकों का पूरा विवरण वन विभाग और प्रशासन के पास होना आवश्यक है। साथ ही, मौसम खराब होने की स्थिति में वासुकीताल ट्रैक के लिए अनुमति जारी नहीं की जाएगी।
यह निर्णय ट्रैकिंग करने वाले पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
