80 Complaints, No Action: Roorkee Resident Alleges Administrative Apathy Over Encroached Government Land
- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बेअसर, सिस्टम सुस्त, ग्रामीण परेशान
- सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर कार्रवाई ठप
रुड़की@Rashtriy Vichar। सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे की शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने का मामला प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। रुड़की थाना क्षेत्र के गांव झबरेड़ी कला निवासी राजकुमार पिछले तीन वर्षों से सरकारी जमीन से कब्जा हटवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक न तो कब्जा हटा और न ही जिम्मेदार विभाग ने कोई ठोस कदम उठाया।
पीड़ित के अनुसार वर्ष 2022 से अब तक वह मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर करीब 80 बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं। शिकायतों में गांव झबरेड़ी कला स्थित सरकारी भूमि के खसरा नंबर 233, 234, 235 और 237 पर हुए कथित अवैध कब्जे को हटाने की मांग की गई है।
राजकुमार का आरोप है कि हर बार उच्च अधिकारियों की ओर से रुड़की तहसील प्रशासन को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर आदेश फाइलों तक ही सीमित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि कई शिकायतों में निस्तारण दिखा दिया गया, जबकि मौके पर आज भी कब्जा बरकरार है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर बार-बार शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं होती तो आम लोगों का सिस्टम से भरोसा उठना स्वाभाविक है। मामला अब केवल अवैध कब्जे का नहीं, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही और शिकायत निवारण व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर भी सवाल बन गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जा सके।
