A 44-year-old woman died hours after her 14-year-old son was declared dead at a hospital in Pithoragarh, leaving the family and village in shock.
- 14 साल के बेटे की मौत ने तोड़ा मां का हौसला
- परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पिथौरागढ़। मड़ेगांव निवासी 44 वर्षीय पूनम जोशी उर्फ पुष्पा शनिवार को अपने 14 वर्षीय बेटे जतिन जोशी की अचानक मौत का सदमा नहीं सह सकीं। बेटे की मौत की खबर के कुछ ही देर बाद मां की भी सरयू नदी में जान चली गई। एक ही दिन मां-बेटे की मौत से मड़ेगांव ही नहीं, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध नजर आया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह मड़ेगांव निवासी कक्षा नौ के छात्र जतिन जोशी पुत्र कैलाश चंद्र जोशी झौलखेत मैदान में दौड़ रहा था। घर लौटते समय वह सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला। पीछे से आ रहे बच्चों ने इसकी सूचना उसकी मां को दी। पूनम तत्काल टैक्सी से बेटे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल प्रधान ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल से निकलने के बाद पूनम गंगोलीहाट जाने वाली टैक्सी में बैठीं। घाट क्षेत्र में कुछ देर बाद वह सरयू नदी के पास पहुंचीं और नदी में कूद गईं। उन्हें बचाने के लिए होटल स्वामी और टैक्सी चालक ने भी नदी में उतरकर बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर घाट पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने शव को मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिवार पर पहले भी टूट चुका है दुख का पहाड़
बताया गया कि पूनम के पति असम राइफल्स की एक बटालियन में त्रिपुरा में तैनात हैं। उनकी बड़ी बेटी मध्य प्रदेश में नौकरी करती हैं, जबकि छोटी बेटी का करीब एक वर्ष पूर्व बीमारी के चलते निधन हो गया था। अब बेटे और मां की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बेटे की मौत की सूचना पति और बड़ी बेटी को दे दी गई है, जबकि मां की मौत की जानकारी उन्हें बाद में दी जानी थी।
ग्रामीणों के अनुसार पूनम हंसमुख और मिलनसार स्वभाव की थीं तथा क्षेत्र के सुख-दुख के आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। जतिन नगर के मानस स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। घटना की जानकारी मिलने पर स्कूल में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत छात्र को श्रद्धांजलि दी गई।
