The three-day block-level school sports and cultural competition in Dharchula concluded with colourful performances. Winners were honoured, while Rs 16,000 was donated to the organising committee and Rs 3 lakh sanctioned for a new sports ground gate
- खेल मैदान को मिलेगा नया गेट, विधायक ने दिए तीन लाख
नदीम परवेज@ धारचूला। विकासखंड धारचूला में आयोजित तीन दिवसीय ब्लॉक स्तरीय विद्यालयी खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का रविवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। समारोह में छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतिभा के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी दर्शकों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि व्यापार संघ धारचूला के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह थापा रहे। इस दौरान व्यापार संघ के संयुक्त सचिव अश्विनी नपलच्याल, नगर पालिका सभासद शकुंतला अगारी, कोषाध्यक्ष खड़क सिंह दानू, सौरभ मर्तोलिया समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
तीन दिनों तक चली प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलकूद और सांस्कृतिक विधाओं में प्रतिभाग किया। समापन अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में खूब रंग भरा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली छात्राओं को अतिथियों ने नगद पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

आयोजन समिति को 16 हजार की सहयोग राशि
समारोह के दौरान आयोजन समिति को 16 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई। मुख्य अतिथि भूपेन्द्र सिंह थापा ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धारचूला की ओर से 11 हजार और नगर पालिका अध्यक्ष शशि थापा की ओर से पांच हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
खेल मैदान में बनेगा नया गेट
व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह थापा ने बताया कि राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज धारचूला के खेल मैदान में गेट निर्माण के लिए विधायक हरीश धामी ने तीन लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि खेल मैदान के विकास से क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, शिक्षकों, प्रतिभागियों और अभिभावकों का आभार जताया।
