- चोरी के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद
- तीसरे आरोपित की तलाश में जम्मू रवाना हुई टीम
- 1100 CCTV कैमरों से खुला लाखों की चोरी का राज
- नरेंद्रनगर थाना पुलिस व CIU टीम ने गृहभेदन का किया खुलासा
- बाइक लेने पहुंचे तो दबोचे गए शातिर
वाचस्पति रयाल @ नरेंद्रनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नरेन्द्रनगर पुलिस और CIU टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। घटना में शामिल तीसरा आरोपित फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जम्मू रवाना की गई है।

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को सौरभ धमान्दा निवासी वार्ड नंबर-2, दीवान लॉज, नरेन्द्रनगर ने कोतवाली में तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नरेन्द्रनगर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों का गठन किया गया।
1100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाली
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने टिहरी गढ़वाल के अलावा ऋषिकेश, रानीपोखरी, देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, अंबाला, यमुनानगर, सोलन, हल्द्वानी समेत विभिन्न स्थानों के 1100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण करने के साथ तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए गए।
जांच के दौरान चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की पहचान हुई। पुलिस की निगरानी के बीच आरोपित ऋषिकेश के नटराज चौक के पास मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए थे। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शहनवाज, जाहिद उर्फ अतीक और मौ. रफीक की पहचान की।
बाइक लेने पहुंचे तो पुलिस ने दबोचा
पुलिस टीम आरोपितों की लगातार निगरानी कर रही थी। 20 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित नटराज चौक के पास छोड़ी गई मोटरसाइकिल लेने पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने देहरादून-ऋषिकेश मार्ग पर फ्लाईओवर के पास वन विभाग चौकी क्षेत्र में घेराबंदी की।
करीब 19:50 बजे पुलिस ने मौके से शहनवाज और जाहिद उर्फ अतीक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से नरेन्द्रनगर की गृहभेदन की घटना में चोरी किए गए आभूषण बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
बारिश और कोहरे का फायदा उठाकर की थी चोरी
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 1 सितंबर 2026 को सोलन के धर्मपुर से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद वे चंडीगढ़, हरिद्वार और ऋषिकेश पहुंचे। ऋषिकेश क्षेत्र में रेकी करने के बाद 4 सितंबर को सुबह करीब 9:30 बजे रानीपोखरी के जंगल वाले रास्ते से नरेन्द्रनगर पहुंचे।
उस दिन क्षेत्र में हो रही अत्यधिक बारिश और घने कोहरे का फायदा उठाकर आरोपितों ने एक बंद मकान का ताला तोड़ा और अंदर रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद चोरी का माल बेचने के लिए वे हरिद्वार, सहारनपुर, अंबाला, चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, दिल्ली, हल्द्वानी और नैनीताल समेत कई स्थानों पर घूमते रहे, लेकिन उचित कीमत नहीं मिलने के कारण आभूषण बेच नहीं सके।
लाखों के आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक हार, कान के सूई-धागा, मांग टीका, महिला अंगूठी, नथ, तीन मंगलसूत्र, झुमके और कुण्डल समेत चोरी किए गए आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा सोलन से चोरी की गई मोटरसाइकिल, घटना के समय इस्तेमाल की गई लाल रंग की टोपी और काली रंग की Puma अंकित टी-शर्ट भी बरामद की गई है।
तीसरे आरोपित की तलाश में जम्मू रवाना टीम
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल मौ. रफीक फरार है और उसके जम्मू की ओर जाने की जानकारी मिली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टिहरी पुलिस की विशेष टीम जम्मू रवाना की गई है।
जांच में गिरफ्तार आरोपितों के पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में जेल जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, देहरादून और टिहरी गढ़वाल में उनके विरुद्ध कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन करने के साथ अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार दोनों आरोपितों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
सफलता प्राप्त करने वाली पुलिस टीम
थाना नरेन्द्रनगर
- देवराज शर्मा — प्रभारी निरीक्षक
- सत्येन्द्र सिंह भण्डारी — वरिष्ठ उप-निरीक्षक
- सत्येन्द्र सिंह नेगी — उप-निरीक्षक/विवेचक/चौकी प्रभारी प्लास्डा
- आमिर खान — उप-निरीक्षक/चौकी प्रभारी आगराखाल
- शान्ति प्रसाद डिमरी — अपर उप-निरीक्षक
- हेड कॉन्स्टेबल शेखर सिंह
- हेड कॉन्स्टेबल संजय रावत
- हेड कॉन्स्टेबल सन्तोष कुमार
- हेड कॉन्स्टेबल अवतार राणा
- कॉन्स्टेबल कर्ण सिंह
- कॉन्स्टेबल आशीष गुडियाल
- कॉन्स्टेबल चालक अरूण रावत
ये रहे CIU टीम में शामिल
- ओमकान्त — उप-निरीक्षक/प्रभारी CIU
- सुन्दर लाल — अपर उप-निरीक्षक
- हेड कॉन्स्टेबल अशोक कुमार
- कॉन्स्टेबल आशीष नेगी
- कॉन्स्टेबल नीरज शुक्ला
- कॉन्स्टेबल पदम
