Tehri DM Nitika Khandelwal reviewed public complaints at Tehsil Diwas in Narendranagar and directed officials to resolve pending issues within the stipulated time.
- अधिकारियों को कार्यों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
- तहसील दिवस में छाए रहे सड़क, पेयजल,भवन व भूमि अभिलेख सहित आपदा के मुद्दे
- आईं 19 शिकायतें, सभी का मौके पर हुआ निस्तारण
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में क्षेत्रवासियों ने सड़क, आपदा, पेयजल, भवन, मुआवजा, पार्किंग और भूमि अभिलेख से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल के सामने रखीं। कई शिकायतें लंबे समय से लंबित होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तहसील दिवस में कुल 19 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें कुछ का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम डौंर के वीरेंद्र सिंह भंडारी ने आपदा में क्षतिग्रस्त भवन का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। पूर्व पालिका उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुसाईं ने व्यापारियों की समस्याओं और नगर पालिका पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। कुंजापुरी मंदिर की क्षतिग्रस्त पार्किंग, खतौनी में नाम शुद्धीकरण, तलाई मोटर मार्ग, पेयजल पाइपलाइन, क्षतिग्रस्त स्कूल भवन और रास्तों से जुड़ी शिकायतें भी उठीं।
धर्म सिंह भंडारी ने दयूली-गुजराड़ा मोटर मार्ग के निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया, जबकि राय सिंह कंडारी ने कोडारना-कुंड मोटर मार्ग की जांच की मांग की। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय आमपाटा में पानी की समस्या पर डीएम ने संबंधित विभाग को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
डीएम ने पेयजल विभाग के अधिकारियों को भी कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनता से समन्वय बनाकर प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल,लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्ण वाल, ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवरानी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर डी के शर्मा,मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल,सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
