- डीएम ने मांगा स्पष्टीकरण
- नामांतरण में देरी पर दिखीं नाराज
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने तहसील नरेंद्रनगर का निरीक्षण कर कार्यालयी व्यवस्थाओं, अभिलेखों और लंबित प्रकरणों की स्थिति जांची। निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसील के विभिन्न कक्षों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की टेबल पर नाम व पदनाम स्पष्ट रूप से अंकित करने को कहा, ताकि आम लोगों को संबंधित अधिकारी की पहचान में परेशानी न हो। उन्होंने संदर्भ पंजिका, डाक व्यवस्था, न्यायालय और मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त संदर्भों सहित विभिन्न पंजिकाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को हर माह लंबित मामलों का विवरण अपडेट करने और पिछले वर्ष की पेंडेंसी भी स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।
भू-अभिलेख अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पत्रावलियों और कर्मचारियों की सर्विस बुक की भी जांच की। कुछ सर्विस बुक में ईएल और इंक्रीमेंट की प्रविष्टियां अपडेट नहीं मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारी को सभी प्रविष्टियां तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए।
नामांतरण वादों और खतौनी में प्रविष्टियों की समीक्षा के दौरान कुछ मामलों में स्वीकृति के बावजूद खतौनी में परवाना जारी करने में देरी मिली। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए रजिस्ट्रार कानूनगो बालम सिंह रावत से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने स्वीकृत नामांतरण के आधार पर खतौनी में प्रविष्टियां तत्काल अपडेट करने और लापरवाही की पुनरावृत्ति न होने के निर्देश दिए।
