- 4200 ग्रेड पे समेत मांगों पर नहीं बनी बात तो आंदोलन करेगा कर्मचारी संघ
वाचस्पति रयाल@ नरेन्द्रनगर। राज्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ कृषि विभाग के त्रैवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन एवं चुनाव में टिहरी के दीवान सिंह रावत को सर्वसम्मति से प्रांतीय अध्यक्ष चुना गया। देहरादून के यमुना कॉलोनी स्थित कृषि विभाग के सिंचाई संघ भवन में आयोजित अधिवेशन के बाद गृह जनपद लौटे रावत का कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
पत्रकारों से बातचीत में नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष दीवान सिंह रावत ने बताया कि संगठन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुंदरलाल आर्य और महामंत्री जम्बू प्रसाद ने कार्यकाल पूरा होने के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू करने से पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी को भंग करने की घोषणा की। उन्होंने संगठन की मजबूती और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए कर्मचारियों से एकजुट रहने का आह्वान किया।
इसके बाद चुनाव पर्यवेक्षक एवं संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोविंद सिंह नेगी और बनवारी लाल के निर्देशन में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को चुनाव अधिकारी एवं पर्यवेक्षक ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
प्रांतीय अध्यक्ष दीवान सिंह रावत ने प्रदेशभर से पहुंचे संगठन सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के सहयोग से कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में वार्ता कर समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि वार्ता के बावजूद मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
नवनिर्वाचित प्रांतीय महामंत्री चंद्र मोहन रुडियाल ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के 4200 ग्रेड पे की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि संगठन लंबे समय से इस मांग के समाधान की मांग करता आ रहा है, लेकिन वर्षों बाद भी इसका निराकरण नहीं हुआ। उन्होंने मांगों की अनदेखी को कर्मचारियों के प्रति उत्पीड़न की कार्रवाई करार देते हुए कहा कि संगठन सभी कर्मचारियों को साथ लेकर उनके हितों के लिए संघर्ष करेगा।
नई कार्यकारिणी में दीवान सिंह रावत टिहरी को प्रांतीय अध्यक्ष और चंद्र मोहन रुडियाल देहरादून को प्रांतीय महामंत्री चुना गया। सुरेश यादव हल्द्वानी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, गौतम देहरादून को प्रांतीय कोषाध्यक्ष, सुरेंद्र सिंह टिहरी को लेखा निरीक्षक और रविंद्र कुमार देहरादून को उपाध्यक्ष चुना गया। सभी पदों पर निर्वाचन निर्विरोध हुआ। कार्यकारिणी का विस्तार जल्द ही विचार-विमर्श के बाद किया जाएगा।
