Tehri Police Seize 100 Boxes of Illegal Beer During Operation Prahar in Narendra Nagar
- ऑपरेशन ‘प्रहार’ में टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 100 पेटी अवैध बीयर के साथ तस्कर गिरफ्तार
- पुलिस की सख्त कार्रवाई से नशा तस्करों के हौसले पस्त
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी Shweta Chaubey के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब और नशा तस्करों के खिलाफ चलाया जा रहा ऑपरेशन प्रहार लगातार प्रभावी कार्रवाई के साथ आगे बढ़ रहा है। पुलिस की लगातार दबिश और सघन चेकिंग अभियान से नशे के कारोबार में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशों के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी के पर्यवेक्षण में शनिवार को थाना नरेंद्रनगर पुलिस, सीआईयू और एएनटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा नरेंद्रनगर-गुजराड़ा रोड पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन संख्या UK07 CD 3293 पिकअप लोडर को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 100 पेटी अवैध हरियाणा मार्का अंग्रेजी बीयर बरामद की गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह शराब चारधाम यात्रा मार्ग सहित धनोल्टी और कानाताल जैसे प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में अवैध रूप से सप्लाई किए जाने के उद्देश्य से लाई जा रही थी।
मौके से पुलिस ने वाहन चालक अक्षय सिंह पुत्र करण सिंह निवासी ग्राम कमगारपुर, थाना मंडावली, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी महादेवपुरम, डेंसो चौक, सिडकुल हरिद्वार, उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में कोतवाली नरेंद्रनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 63 और 72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक यशवंत खत्री, हेड कांस्टेबल रामकुमार, हेड कांस्टेबल दीपक गॉड, उप निरीक्षक ओमकांत, अपर उप निरीक्षक सुंदर, हेड कांस्टेबल विकास सैनी, कांस्टेबल आशीष नेगी तथा एएनटीएफ और सीआईयू की टीम शामिल रही।
टिहरी पुलिस का कहना है कि अवैध शराब, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
