BJP National President Nitin Nabin urged party media, social media, and IT teams in Uttarakhand to strengthen public outreach for Mission 2027, highlighting government achievements and countering opposition narratives through positive communication.
- राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया रणनीतिक मंत्र
- प्रदेश की तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के बाद दिल्ली लौटे नितिन नबीन
देहरादून, @ Rashtriy Vichar#BJP# Uttarakhand#। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने संगठन की मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी टीम को सरकार और जनता के बीच मजबूत संवाद का माध्यम बताते हुए मिशन 2027 की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ विपक्ष के नकारात्मक एजेंडे का तथ्यों और सकारात्मक संवाद के माध्यम से जवाब देना आवश्यक है।

अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास के अंतिम दिन बीजापुर सेफ हाउस में आयोजित बैठक में नितिन नबीन ने प्रदेश की मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी टीम के पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास विकास और जनकल्याण के अनगिनत कार्य हैं, जिन्हें समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संगठन की मीडिया टीमों की है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष झूठ, भ्रम और अफवाह फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास करता है, लेकिन भाजपा को सकारात्मक और प्रभावी तरीके से उसका जवाब देना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि चुनावों में जीत का अंतर भी मीडिया की सक्रियता और प्रभावी संवाद पर निर्भर करता है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को समन्वय के साथ काम करना होगा।

बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार, तरुण बंसल, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, सोशल मीडिया संयोजक हिमांशु संगथानी, आईटी प्रभारी प्रवीण लेखवार सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नितिन नबीन के प्रमुख संदेश
- सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं
- विपक्ष के नकारात्मक नैरेटिव का तथ्यात्मक जवाब दें
- मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी टीम को बूथ स्तर तक सक्रिय करें
- मिशन 2027 में जीत की हैट्रिक का लक्ष्य
सीएम धामी ने क्या कहा?
- मीडिया सरकार और जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी
- डबल इंजन सरकार के कार्यों का व्यापक प्रचार जरूरी
- समन्वित प्रयासों से बनेगा नया जीत का रिकॉर्ड
- 2027 चुनाव में डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका अहम होगी
