Tehri Lake is hosting three water skiing training courses by IISM Gulmarg, attracting youth from across India for basic, intermediate and advanced adventure sports training.
- टिहरी झील बनी वाटर स्कीइंग का नया प्रशिक्षण केंद्र
- देशभर से पहुंचे युवा
टिहरी गढ़वाल@Rashtriya Vichar। टिहरी झील अब पर्यटन के साथ साहसिक खेलों के प्रशिक्षण का भी प्रमुख केंद्र बनती जा रही है। पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान (आईआईएसएम), गुलमर्ग की ओर से लगातार दूसरे वर्ष झील में वाटर स्कीइंग के तीन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे युवा इन दिनों झील की लहरों पर स्कीइंग का रोमांच और तकनीक सीख रहे हैं।
इस वर्ष बेसिक, इंटरमीडिएट और एडवांस स्तर के तीन कोर्स के लिए 28 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 24 ने संस्थान में रिपोर्ट कर प्रशिक्षण शुरू कर दिया है। आईआईएसएम अधिकारियों के अनुसार टिहरी झील का स्वच्छ पानी और वाटर स्पोर्ट्स के लिए अनुकूल परिस्थितियां इसे प्रशिक्षण के लिए बेहतर स्थान बनाती हैं। इसी कारण यहां लगातार दूसरे वर्ष तीन पाठ्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आईआईएसएम गुलमर्ग के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य उत्तराखंड में पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में टिहरी में तीन वाटर स्कीइंग और ऋषिकेश में दो रिवर राफ्टिंग कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण युवाओं को एडवेंचर टूरिज्म से जोड़ने के साथ उत्तराखंड को देश के प्रमुख साहसिक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में आईआईएसएम गुलमर्ग की असिस्टेंट डायरेक्टर रेनू बामरारा, कोर्स इंचार्ज प्रवीण सिंह, इंस्ट्रक्टर अरविंद, खलील, शबीर, इश्वीन, अमलेश, कुश, निकिता, अस्मित मित्तल, नेहा जोशी, गौरी, वर्षा अग्रवाल, अनुराग पांडे आदि मौजूद रहे।
