A key meeting was held in Narendra Nagar to discuss preparations, arrangements and public participation for the grand staging of the 68th Ramleela of Lord Shri Ram.
- भव्य मंचन की तैयारियों को लेकर आयोजित हुई बैठक
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर। पालिका परिषद नरेंद्रनगर के रामलीला मैदान परिसर में स्थित सोबन सिंह नेगी सामुदायिक विकास भवन में प्रभु श्री राम की 68 वीं लीला के भव्य मंचन हेतु महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक में आगामी रामलीला आयोजन को भव्य एवं आकर्षक बनाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व रामलीला समिति के अध्यक्ष रमेश असवाल ने की। इस दौरान नगरवासियों से रामलीला के सफल आयोजन को लेकर सुझाव आमंत्रित किए गए। बैठक में रामलीला की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा तथा व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई। आयोजकों ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे बेहतर और भव्य रूप देने के लिए नगरवासियों की सहभागिता बेहद जरूरी है।
आयोजन को सफल बनाने को सभी के लिए सुझाव
लीला का मंचन पिछले वर्ष के मुकाबले और भव्य कैसे बनाया जाए, इसके लिए सभी से सुझाव आमंत्रित किए गए, नये सुझावों का स्वागत किया गया।
विचार विमर्श के दौरान लीला के पारखी माने जाने वाले लोगों ने गत वर्ष हुई, भव्य रामलीला का जिक्र करते हुए कहा कि महत्वपूर्ण पात्रों के पाठ में बालिकाओं के रोल ने लीला के मंचन को अति आकर्षक बना डाला, जिसकी वजह से दूर-दूर के ग्रामीण क्षेत्रों से आस्थावान श्रद्धालु लीला देखने को पहुंचे। इस मौके पर पिछली कार्यकारिणी के लीला के मंचन में किए गए कार्यों का मुक्त कंठ प्रशंसा की गई। बैठक में मौजूद पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने कहा कि इस वर्ष सभी के प्रयासों से लीला के मंचन को और भव्य बनाए जाने के प्रयत्न किए जाएंगे।
उन्होंने विगत वर्ष हुई भव्य रामलीला के मंचन के लिए कार्यकारिणी सहित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्या विगत वर्ष की कार्यकारिणी को रिन्यू किया जाना लीला के भव्य मंचन में हितकर होगा, सभी लोगों ने तालियों के गड़गड़ाहट के बीच उनके विचारों का स्वागत करते हुए तमाम उपस्थिति ने विगत कार्यकारिणी को,68वीं लीला के मंचन के लिए स्वीकृति प्रदान करते हुए सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किया।
लीला मंचन के सुरक्षा दृष्टिगत, विधि विधान पूर्वक चढ़ाया गया श्री हनुमान ध्वज
9 नवंबर 2026 से भगवान पुरुषोत्तम राम की 68वीं लीला के मंचन के दृष्टिगत यहां रामलीला मैदान परिसर में संकट मोचक व प्रभु राम के अनन्य भक्त हनुमान जी का ध्वज चढ़ाने से पूर्व, ध्वज की विधिवत पूजा अर्चना की गई। पूजा अर्चना करते हुए ज्ञानी आचार्य हितेश जोशी ने बताया कि तमाम दुखों के संकट मोचक के नाम से जाने जाने वाले श्री हनुमान भगवान राम के अनन्य भक्त माने गए हैं।

बताया कि प्रभु राम की लीला का मंचन बड़ा धार्मिक अनुष्ठान है। इस अनुष्ठान के वक्त कोई विघ्न बाधा उत्पन्न ना हो, नकारात्मक ऊर्जा, भूत-प्रेत और किसी भी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न ना हो, इन सभी से रक्षा की दृष्टि से संसार के संकट मोचक माने जाने वाले हनुमान जी की पताका लीला के स्थल पर चढ़ाई या फहराई जाती है।
आचार्य हितेश जोशी ने बताया प्रभु राम के कार्यों में ,हनुमान जी की स्मृति और पूजा करने से प्रभु श्री राम अत्यंत प्रसन्न होते हैं।
इसीलिए लीला शुरू करने से पहले प्रभु राम के सबसे प्रिय भक्त हनुमान जी का आह्वान किया जाता है, ताकि पूरी लीला पर प्रभु की कृपा बनी रहे और कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बताते चलें कि पुरानी कार्यकारिणी को रिन्यू करते हुए रमेश असवाल अध्यक्ष, द्वारिका प्रसाद जोशी सचिव, संतोष सिंह राणा कोषाध्यक्ष सहित पूर्व कार्यकारिणी यथा स्थिति सर्वसम्मत से स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री के प्रतिनिधि विनोद गंगाेटी, नरपाल सिंह भंडारी, भगवान सिंह राणा,हर्ष मनी भट्ट,मंगल सिंह गुसाई,हितेश जोशी,धूम सिंह नेगी,उत्तम सिंह नेगी, सूर्य प्रकाश जोशी,प्रकाश ड्यूंडी, केशव जोशी, जयपाल नेगी,आभा पंवार,रवि नेगी आदि उपस्थित थे।
