Char Dham Yatra 2026 sees over 50.56 lakh pilgrims so far, with 66 lakh registrations, as Uttarakhand heads towards a new pilgrimage record.
- डेढ़ माह में बन सकता है नया रिकॉर्ड
- मौसम और मार्ग दुरुस्त तो बढ़ेगी भीड़
देहरादून@Rashtriya Vichar। चारधाम यात्रा-2026 इस बार आस्था और श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से नया इतिहास रचने की ओर बढ़ रही है। यात्रा के लिए अब तक 66 लाख 7 हजार 749 यात्रियों का पंजीकरण हो चुका है, जबकि 14 सितंबर की शाम सात बजे तक 50 लाख 56 हजार 160 श्रद्धालु चारधाम और हेमकुंड साहिब में दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के लिए अभी करीब डेढ़ माह का समय शेष है। ऐसे में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या पिछले वर्षों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित कर सकती है।
आंकड़ों के अनुसार, 14 सितंबर तक यमुनोत्री धाम में 7 लाख 8 हजार 407, गंगोत्री में 7 लाख 89 हजार 773, श्री केदारनाथ में 14 लाख 98 हजार 544, श्री बदरीनाथ में 17 लाख 36 हजार 619 और श्री हेमकुंड साहिब में 3 लाख 22 हजार 817 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
चारधाम यात्रा की कुल संख्या पर नजर डालें तो यात्रा काल के 148 दिनों में 13 सितंबर तक 50 लाख 43 हजार 436 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके थे। यह संख्या लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में इसमें और तेजी आने की संभावना है।
गंगोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या नया रिकॉर्ड बनाने की ओर है। वर्ष 2022 में यहां 7 लाख 81 हजार 961, वर्ष 2023 में 7 लाख 12 हजार 749 और वर्ष 2025 में 7 लाख 58 हजार 249 श्रद्धालु पहुंचे थे। इस वर्ष अब तक गंगोत्री में 7 लाख 89 हजार 773 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो पिछले वर्षों की तुलना में अधिक है। इस बार यात्रा के लिए पंजीकरण और दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए उम्मीद है कि यात्रा समाप्त होने तक नया रिकॉर्ड बन सकता है। खास बात यह है कि यात्रा का अभी करीब डेढ़ माह का समय बाकी है। मौसम अनुकूल रहने और यात्रा मार्ग खुले रहने पर आने वाले दिनों में तीर्थयात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है। इससे उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन को भी नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है।
5 साल के आकड़ों पर एक नजर
2022 – 30 लाख 13 हजार 324
2023 – 54 लाख 36 हजार 172
2024 – 45 लाख 44 हजार 975
2025 – 51 लाख 6 हजार
2026- अब तक 50 लाख 56 हजार 160
