Youth Missing in Ganga During Bathing at Sai Ghat in Rishikesh, SDRF Search Operation Continues
- साईं घाट पर गंगा में नहाते समय युवक लापता, तेज बहाव में बहने की आशंका
ऋषिकेश@Rashtriy Vichar। तपोवन क्षेत्र स्थित साईं घाट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया, जो देर शाम तक जारी रहा।
जानकारी के अनुसार दिल्ली से सात युवकों का एक समूह घूमने के लिए ऋषिकेश आया था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सभी युवक साईं घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान शौर्य नागर (20) पुत्र किशनपाल, निवासी बिसरख जलालपुर, गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश), गंगा में तैरने लगा। नदी का बहाव तेज होने और गहराई अधिक होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और पानी में बह गया।
घटना के बाद उसके साथियों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से खोज अभियान शुरू किया। टीम ने संभावित डूब क्षेत्र, नदी किनारों और तेज बहाव वाले इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया।
एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि गंगा का तेज बहाव सर्च ऑपरेशन में चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है।
