Healthy Skin Starts From Within: Essential Nutrients for a Natural Glow
- चेहरे की चमक सिर्फ क्रीम से नहीं आती: हेल्दी स्किन के लिए डाइट में शामिल करें ये जरूरी न्यूट्रिएंट्स
देहरादून@Rashtriy Vichar#Helth#। चमकदार और स्वस्थ त्वचा पाने की चाहत में लोग आजकल महंगे सीरम, फेस मास्क और नाइट क्रीम्स पर हजारों रुपये खर्च कर रहे हैं। हर ब्यूटी प्रोडक्ट तुरंत निखार और जवान त्वचा का दावा करता है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि असली और लंबे समय तक टिकने वाला ग्लो किसी बोतल में नहीं, बल्कि हमारी रोज़ की थाली में छिपा होता है।
क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और मैक्स हेल्थकेयर की रीजनल हेड डाइटेटिक्स रितिका समद्दार के अनुसार, त्वचा हमारे शरीर के अंदर हो रही प्रक्रियाओं का प्रतिबिंब होती है। यदि शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिलते, तो इसका असर सबसे पहले चेहरे पर दिखाई देता है—त्वचा बेजान लगने लगती है, रूखापन बढ़ जाता है और समय से पहले झुर्रियां व महीन रेखाएं नजर आने लगती हैं।
विटामिन E : रितिका समद्दार बताती हैं कि चमकदार और हेल्दी स्किन के लिए कुछ जरूरी पोषक तत्व बेहद अहम भूमिका निभाते हैं। इनमें विटामिन E त्वचा को अंदर से पोषण देने और उसे डैमेज से बचाने में मदद करता है। कैलिफ़ोर्निया बादाम इसका बेहतरीन स्रोत माना जाता है, जिसे स्मूदी या नाश्ते में आसानी से शामिल किया जा सकता है।
विटामिन C: वहीं विटामिन C कोलेजन निर्माण में मदद करता है, जिससे त्वचा में कसाव बना रहता है। आंवला, संतरा और शिमला मिर्च इसके प्रमुख स्रोत हैं।
ओमेगा-3: फैटी एसिड्स त्वचा को हाइड्रेटेड रखने में मदद करते हैं, जबकि जिंक त्वचा में तेल के संतुलन और कोशिका मरम्मत के लिए जरूरी माना जाता है। चना और साबुत अनाज जिंक के अच्छे स्रोत हैं।
बीटा-कैरोटीन: इसके अलावा बीटा-कैरोटीन त्वचा कोशिकाओं के नवीनीकरण में मदद करता है और त्वचा को प्राकृतिक चमक देता है। गाजर, शकरकंद और पालक इसके सबसे सस्ते और सुलभ स्रोत माने जाते हैं। वहीं बायोटिन त्वचा को मुलायम और स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है। अंडे, केला और बादाम इसके अच्छे स्रोत हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि खूबसूरत त्वचा के लिए किसी बड़े बदलाव या महंगे उपचार की जरूरत नहीं होती। संतुलित और पौध-आधारित आहार के जरिए ये सभी पोषक तत्व आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं। यानी जिस चमक को लोग महंगे कॉस्मेटिक काउंटर पर तलाशते हैं, उसका असली खजाना अक्सर उनकी अपनी रसोई में ही मौजूद होता है।
