Stakeholders Meet in Pithoragarh to Boost Tourism, PTA Formation Plan Discussed
- पिथौरागढ़ में पर्यटन विकास को नई दिशा, PTA गठन की प्रक्रिया तेज
- बारहमासी पर्यटन पर जोर
नदीम परवेज@Pithoragarh/Dharchula#RashtriyVichar। जनपद पिथौरागढ़ में पर्यटन क्षेत्र को संगठित और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न हितधारकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक को पिथौरागढ़ पर्यटन एसोसिएशन (PTA) के गठन की दिशा में एक अहम शुरुआती कदम माना जा रहा है।
बैठक में पर्यटन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और जिले में पर्यटन विकास की संभावनाओं तथा चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। प्रमुख प्रतिभागियों में सलाहकार किरन चंद और शंकर सिंह, आदि कैलाश मंदिर समिति के अध्यक्ष पुनीत कुटियाल, होमस्टे संचालक अश्विनी नपलच्याल, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष नवल किशोर, होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि राजेंद्र भट्ट, राम सिंह, विवेक सिंह एवं राजेंद्र शर्मा शामिल रहे। इसके अलावा एडवेंचर और ईको टूरिज्म विशेषज्ञ वासुदेव पांडे, जगदीश भट्ट, मुनस्यारी से सुरेन्द्र पंवार, हरेला सोसाइटी के मनोज मटवाल तथा कुमाऊं मंडल विकास निगम (TRH) के प्रबंधक उमेश पांडे भी उपस्थित रहे। अन्य प्रतिभागियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से सहभागिता की।
बैठक में पिथौरागढ़ को बारहमासी पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसमें एडवेंचर टूरिज्म, बर्ड वॉचिंग, आध्यात्मिक पर्यटन के विस्तार तथा दरमा घाटी, जोहार घाटी और थलकेदार जैसे ट्रैकिंग रूटों के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई।
सभी प्रतिभागियों ने एकमत से कहा कि पिथौरागढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए सभी हितधारकों का एकजुट प्रयास आवश्यक है। साथ ही यह भी सहमति बनी कि एक मजबूत और संगठित मंच के रूप में PTA का गठन शीघ्र पूरा किया जाएगा, जिससे पर्यटन विकास के साथ स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
