Uttarakhand Board Result 2026 Declared: High School 92.10%, Intermediate 85.11% Pass Rate
- बागेश्वर बना टॉपर जिला
- UBSE ने जारी किए 10वीं-12वीं के नतीजे
- रामनगर के मेधावी अक्षत गोपाल ने 98.20% अंक प्राप्त कर प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान
- इशांत कोठारी और भूमिका ने 98.00% अंकों के साथ संयुक्त रूप से प्राप्त किया दूसरा स्थान
रामनगर (Nainital)@RashtriyVichar । उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद् ने शनिवार (आज) 25 अप्रैल 2026 को हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा 2026 तथा परीक्षाफल सुधार परीक्षा (द्वितीय) 2025 के परिणाम घोषित कर दिए। इस वर्ष दोनों ही स्तरों पर परीक्षाफल में पिछले वर्ष की तुलना में सुधार दर्ज किया गया है।
हाईस्कूल परीक्षा 2026
हाईस्कूल में कुल 1,12,266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 परीक्षा में सम्मिलित हुए और 1,00,373 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण घोषित किए गए। कुल पास प्रतिशत 92.10% रहा।
बालिकाओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए 96.07% सफलता दर हासिल की, जबकि बालकों का परिणाम 88.03% रहा।
संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 92.47% रहा, जबकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का परिणाम 65.05% दर्ज किया गया। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परिणाम 1.33% अधिक रहा।
मेधावी छात्रों में अक्षत गोपाल ने 98.20% अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं इशांत कोठारी और भूमिका ने 98.00% अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि योगेश जोशी 97.80% अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
जिलेवार प्रदर्शन में बागेश्वर ने 96.98% परिणाम के साथ पहला स्थान हासिल किया।
इण्टरमीडिएट परीक्षा 2026
इंटरमीडिएट में 1,02,986 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,00,452 परीक्षा में शामिल हुए और 85,499 उत्तीर्ण घोषित किए गए। कुल पास प्रतिशत 85.11% रहा।
यहां भी बालिकाओं ने 88.09% सफलता दर के साथ बालकों (81.93%) से बेहतर प्रदर्शन किया। संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 85.93% और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का 61.48% रहा।
इस वर्ष परिणाम में 1.88% की वृद्धि दर्ज की गई। टॉपर्स में गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता ने 98.00% अंक के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। आर्यन दूसरे और वंशिका तीसरे स्थान पर रहे।
जिलेवार परिणाम में बागेश्वर 94.81% के साथ शीर्ष पर रहा।
सुधार परीक्षा परिणाम
हाईस्कूल सुधार परीक्षा (द्वितीय) 2024 में 382 में से 239 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, परिणाम 68.67% रहा।
वहीं इंटरमीडिएट सुधार परीक्षा (द्वितीय) 2025 में 464 में से 279 परीक्षार्थी पास हुए, और कुल परिणाम 66.27% दर्ज किया गया।
