HNB Garhwal University Releases UET 2026-27 Notification for PG Admissions
- आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई 2026 निर्धारित
श्रीनगर गढ़वाल@RashtriyVichar। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (यूईटी) की अधिसूचना जारी कर दी है। इस परीक्षा के माध्यम से विश्वविद्यालय अपने तीनों परिसरों एवं 50 से अधिक संबद्ध महाविद्यालयों/संस्थानों में संचालित विभिन्न स्नातकोत्तर डिग्री एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश देगा। इन पाठ्यक्रमों में बीएड, एमएड., बीपीएड, एमपीएड, बीलिब, एमलिब, एलएलबी. सहित अनेक कोर्स शामिल हैं।
विश्वविद्यालय के अंतर्गत लगभग 14 स्कूलों में कला, विज्ञान, वाणिज्य, प्रबंधन, इंजीनियरिंग, जीवन विज्ञान, पृथ्वी विज्ञान, शिक्षा, विधि एवं सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों के पाठ्यक्रम संचालित हैं, जिनमें प्रवेश यूईटी के माध्यम से होगा।
एनईपी 2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय ने आगामी सत्र से एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है, जिनमें वही अभ्यर्थी पात्र होंगे जिन्होंने चार वर्षीय स्नातक (ऑनर्स/ऑनर्स विद रिसर्च) पूरा किया हो।
कुलसचिव प्रो. वाई. पी. रैवानी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 27 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे, जबकि अंतिम तिथि 20 मई 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से होगी। सामान्य वर्ग के लिए शुल्क ₹1000 और आरक्षित वर्ग के लिए ₹500 तय किया गया है। एक अभ्यर्थी अधिकतम तीन पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकता है।
प्रवेश परीक्षा पूरी तरह एमसीक्यू आधारित होगी, जिसमें अधिकांश पाठ्यक्रमों के लिए 100 प्रश्न तथा बी.एड. के लिए 200 प्रश्न होंगे। परीक्षा में नकारात्मक अंकन नहीं होगा और अवधि क्रमशः 2 व 3 घंटे होगी।
परीक्षा केंद्र श्रीनगर, टिहरी, पौड़ी, देहरादून, ऋषिकेश और रुड़की में बनाए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि केवल परीक्षा उत्तीर्ण करना प्रवेश की गारंटी नहीं होगा, अंतिम चयन मेरिट और पात्रता शर्तों पर आधारित होगा।
