Pindari Glacier Trek Opens from April 15 in Uttarakhand’s Bageshwa
- बागेश्वर में तैयारियां पूरी: पिंडारी ग्लेशियर ट्रैकिंग सीजन शुरू, पर्यटकों के लिए खास इंतजाम
Deharadun@Rashtriy Vichar। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर एक बार फिर रोमांच और प्राकृतिक सौंदर्य के दीवानों का स्वागत करने को तैयार है। आगामी 15 अप्रैल से यह ट्रैक आधिकारिक रूप से पर्यटकों, ट्रैकर्स और पर्वतारोहियों के लिए खोल दिया जाएगा। प्रशासन ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिससे इस वर्ष का ट्रैकिंग सीजन और अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित होने जा रहा है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी पीके गौतम के अनुसार, यह ट्रैक 15 अप्रैल से 15 जून 2026 तक खुला रहेगा। इस दौरान देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। ट्रैक को पर्यटक अनुकूल बनाने के साथ-साथ सुरक्षा के विशेष इंतजाम भी किए गए हैं।
पर्वतारोहियों और ट्रैकर्स के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हिचोड़ी और जैकुनी ईको-टूरिज्म केंद्रों पर पंजीकरण किया जा सकेगा। इन दोनों केंद्रों पर 24 घंटे वन कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस बार विशेष कदम उठाए हैं। ट्रैक को प्लास्टिक और ठोस अपशिष्ट मुक्त बनाए रखने के लिए पर्यटकों से एफडीआर (सुरक्षा धनराशि) जमा कराई जाएगी, जो कचरा निर्धारित स्थान पर जमा करने के बाद वापस कर दी जाएगी। प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने पर्यटकों से अपील की है कि वे ट्रैकिंग के दौरान पर्यावरणीय नियमों का पालन करें और इस अनमोल प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने में सहयोग करें।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, बर्फ से ढके पहाड़ों, झरनों और रोमांचकारी अनुभव के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। हर साल बड़ी संख्या में ट्रैकर्स यहां पहुंचते हैं, जिससे यह उत्तराखंड के प्रमुख एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में अपनी खास पहचान बनाए हुए है।
