Grand Ambedkar Jayanti Celebration Held in Dharchula with Cultural Events and Rallies
बाबा साहब को श्रद्धांजलि: धारचूला में एकता और उत्साह के साथ मनी अंबेडकर जयंती
नदीम परवेज@धारचूला। महाबोधिसत्व डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर धारचूला में संयुक्त समिति के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे क्षेत्र में उत्साह, सामाजिक एकता और बाबा साहब के विचारों के प्रति गहरा सम्मान देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत माल्यार्पण के साथ हुई, जिसमें मुख्य अतिथि अशोक नबियाल (दर्जा राज्यमंत्री) और ज्येष्ठ प्रमुख भीम सिंह धामी ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों और सामाजिक संगठनों द्वारा प्रभात फेरी और आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। झांकी प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कुटी ने प्रथम, विवेकानंद विद्या मंदिर धारचूला ने द्वितीय और न्यू सनराइज स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मुख्य कार्यक्रम पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में आयोजित हुआ, जहां नगर पालिका अध्यक्ष शशि थापा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में भी राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुटी प्रथम, द एंजेल कॉन्वेंट स्कूल द्वितीय और न्यू सनराइज स्कूल तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, सभासद शकुंतला आगरी, रंग समुदाय अध्यक्ष प्रकाश गुंज्याल, वाल्मीकि समुदाय अध्यक्ष मित्रपाल चौटाला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संयुक्त आयोजन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता, भाईचारे और बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।
