Congress Pays Tribute to Ambedkar in Narendranagar, Raises Concerns Over Constitutional Values
- बाबा साहब को श्रद्धांजलि के साथ सियासी हमला, कांग्रेस ने उठाए आरक्षण और संविधान के मुद्दे
वाचस्पति रयाल @नरेंद्रनगर। नगर के शहीद स्मारक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा माल्यार्पण के बाद एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें संविधान, सामाजिक न्याय और समानता के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहब को देश के हर वर्ग का मसीहा बताते हुए कहा कि उन्होंने दलितों, वंचितों, महिलाओं और श्रमिकों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके प्रयासों से ही देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक संविधान मिला, जो आज भी समानता, भाईचारे और न्याय की नींव है।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सूरत सिंह आर्य ने अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें महान विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक बताया। उन्होंने कहा कि अंबेडकर के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संविधान की मूल भावना के विपरीत कार्य कर रही है और महिलाओं के आरक्षण जैसे मुद्दों पर संवैधानिक परंपराओं की अनदेखी कर रही है। नरेंद्रनगर नगर पालिका में अध्यक्ष पद के आरक्षण को लेकर भी कांग्रेस ने विरोध जताया और कहा कि इस संबंध में राज्यपाल व शहरी विकास विभाग को लिखित आपत्ति दर्ज कराई जा चुकी है।
कार्यक्रम में श्याम लाल सैलानी, कोमल दास, सुंदर सिंह नेगी, जयपाल नेगी, दिनेश कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनभावनाओं की अनदेखी जारी रही, तो जनता आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
