वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर। बुधवार को संत निरंकारी मिशन भवन में सद्गुरु बाबा हरदेव सिंह महाराज जी को समर्पण दिवस के रूप में श्रद्धा और भावपूर्ण तरीके से याद किया गया। यह आयोजन उनके मानवता के उत्थान और निस्वार्थ सेवा भाव को समर्पित रहा।
कार्यक्रम का आयोजन संत निरंकारी मिशन के संयोजक कल्याण सिंह नेगी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और समर्पण समागम में भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, आध्यात्मिकता और सेवा भावना का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में रुड़की से पहुंचे मुखी महात्मा सागर कुकरेजा ने प्रवचन देते हुए कहा कि बाबा हरदेव सिंह जी का संपूर्ण जीवन मानवता, एकता और विश्व बंधुत्व के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि 36 वर्षों तक बाबा जी ने निस्वार्थ भाव से मानव सेवा का जो मार्ग दिखाया, वही सच्ची भक्ति का संदेश देता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि क्रोध, लालच और घृणा को त्यागकर विनम्रता और मधुर वाणी अपनानी चाहिए। सच्ची भक्ति वही है जिसमें व्यक्ति अपने कर्मों को परमात्मा को समर्पित कर दे।
संत निरंकारी मिशन के संयोजक कल्याण सिंह नेगी ने भी श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा हरदेव सिंह जी ने सिखाया कि परमात्मा कण-कण में विद्यमान है और सभी जीवों के प्रति प्रेम भाव रखना ही सच्ची भक्ति है। उन्होंने लोगों से उनके दिखाए मार्ग पर चलकर सेवा, त्याग, प्रेम और सहिष्णुता के भाव को अपनाने का आह्वान किया।
इस मौके पर श्रद्धालुओं ने बाबा हरदेव सिंह जी के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान “सद्गुरु बाबा हरदेव सिंह जी की जय” के जयकारों से पूरा निरंकारी भवन गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में रुड़की से आए महात्मा अमित आहूजा, कविता आहूजा, मेघा कुकरेजा, वंश, शिक्षक महात्मा रमेश असवाल, कृष्ण कुमार पटेला, जमन सिंह भंडारी, बीना नेगी, नीलम राणा, सुनीता गुसाईं, ज्योति नेगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
No WhatsApp Number Found!