Dr. Amit Rai Takes Charge as CMS, Vows to Strengthen Healthcare at Narendra Nagar Hospital
- ओपीडी बढ़ाने व विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती पर फोकस
- अस्पताल सुधार की प्राथमिकताएं तय
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। श्री देव सुमन राजकीय उप जिला चिकित्सालय, नरेंद्रनगर को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस करने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है। शुक्रवार को डॉ. अमित राय ने अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) का पदभार ग्रहण किया। प्रभारी सीएमएस डॉ. सुचिता जैन ने उन्हें अस्पताल का कार्यभार सौंपा। इससे पहले डॉ. अमित राय जिला मुख्यालय नई टिहरी स्थित बौराड़ी जिला अस्पताल में सीएमएस की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक: कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद डॉ. राय ने अस्पताल के चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और अस्पताल की मौजूदा कमियों पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
भरे जाएंगे विशेषज्ञों के रिक्त पद: डॉ. राय ने कहा कि ओपीडी और आईपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ाने, आयुष्मान योजना का लाभ प्रत्येक पात्र मरीज तक पहुंचाने के साथ अस्पताल में रिक्त विशेषज्ञ पदों को भराना प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने बाल रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, ऑर्थोपेडिक सर्जन और स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति के लिए प्रयास करने की बात कही।
स्वास्थ्य मंत्री से करेंगे वार्ता: उन्होंने कहा कि अस्पताल में लेप्रोस्कोपी ऑपरेशन की सुविधा शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा और कोशिश रहेगी कि मरीजों को अनावश्यक रूप से दूसरे अस्पतालों में रेफर न करना पड़े। चिकित्सकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र ही स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से वार्ता की जाएगी।
क्षेत्रवासियों से की सहयोग की अपील: सीएमएस ने कहा कि उनका उद्देश्य अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना और आमजन का अस्पताल के प्रति विश्वास मजबूत करना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी सहयोग की अपील की।
अस्पताल करे नही बनने देंगे रेफर सेंटर: कार्यभार संभालते ही अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने और कमियों को दूर करने के लिए की गई पहल से क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इन प्रयासों को शासन स्तर पर भी आवश्यक सहयोग मिलेगा और अस्पताल अपनी रेफर सेंटर की छवि से निकलकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पहचान बनाएगा।
बैठक में डॉक्टर सुचिता जैन, डॉक्टर वर्षा पंवार, डॉक्टर आकांक्षा नौटियाल, डॉक्टर अनुराग अग्रवाल, नर्सिंग ऑफिसर सैनी सेन, विकास उनियाल, चीफ फार्मासिस्ट सीपी भट्ट, अमित कोठारी, मालती थपलियाल, राहुल तथा अमित भारती आदि मौजूद थे।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से उम्मीदें
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के मार्गदर्शन और सहयोग से सीएमएस डॉ. अमित राय की अस्पताल सुधार की पहल को धरातल पर मजबूती मिलेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि मंत्री की सक्रियता और स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति उनकी गंभीरता से अस्पताल में आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों, उपकरणों और अन्य संसाधनों की कमी दूर हो सकेगी। यदि इन प्रयासों को अपेक्षित सहयोग मिला तो लंबे समय से ‘रेफर सेंटर’ के नाम से चर्चित यह अस्पताल जल्द ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए क्षेत्र के प्रमुख अस्पतालों में अपनी पहचान बना सकता है।
