Dharchula Traffic Woes: Police Crack Down on Haphazard Parking, Warn of Vehicle Seizures
- पुलिस ने टैक्सी यूनियनों को दी सख्त हिदायत
- व्यवस्था नहीं सुधरी तो वाहन होंगे सीज
- सड़क और दुकानों के आगे खड़े वाहनों से बिगड़ी व्यवस्था
- टैक्सी यूनियन को नंबर सिस्टम का पालन करने के निर्देश
नदीम परवेज@ धारचूला। सीमांत नगर धारचूला में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने अब सख्त रुख अपना लिया है। दरअसल सड़क किनारे और दुकानों के सामने बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण जहां यातायात प्रभावित हो रहा है, वहीं राहगीरों को पैदल आवाजाही में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी नाराजगी बढ़ रही है।
यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए धारचूला पुलिस ने वाहन स्वामियों और टैक्सी यूनियनों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वाहनों का संचालन निर्धारित व्यवस्था के अनुसार किया जाए। साथ ही वाहन खड़े करने के स्थान को चिन्हित कर पुलिस को इसकी जानकारी देने को कहा गया है, ताकि पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित किया जा सके।
थाना प्रभारी ए.के. सिंह ने दो टूक कहा कि यातायात नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वाले वाहनों के चालान किए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर वाहनों को सीज भी किया जाएगा।
इसी सिलसिले में टैक्सी यूनियन अध्यक्ष केसर सिंह धामी, महेंद्र सीपाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर यातायात व्यवस्था पर चर्चा की। पुलिस ने यूनियन पदाधिकारियों को सभी वाहनों को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित ढंग से खड़ा करने और नंबर सिस्टम का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि एक तरफ वाहनों को लाइन में खड़ा करने की व्यवस्था लागू होने के बावजूद कई स्थानों पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पाई है। दुकानों के सामने वाहनों की भीड़ से व्यापारियों और ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। मामले में व्यापार संघ ने भी कड़ी आपत्ति जताते हुए व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

जल्द तैयार होगी पार्किंग
वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि धारचूला में पार्किंग निर्माण का कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद है। पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे, बिजली, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। पार्किंग तैयार होने के बाद टैक्सियों और अन्य वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने में मदद मिलेगी।
आदि कैलाश यात्रा शुरू होने से पहले बढ़ी चुनौती
धारचूला में अगले माह से आदि कैलाश यात्रा की गतिविधियां फिर जोर पकड़ने वाली हैं। ऐसे में यात्रियों और वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात व्यवस्था पर और अधिक दबाव पड़ने की संभावना है। यदि समय रहते पार्किंग और टैक्सी संचालन की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।
पुलिस के सामने भी धारचूला की यातायात व्यवस्था एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। पुलिस ने टैक्सी यूनियनों को साफ शब्दों में कहा है कि अपनी-अपनी व्यवस्था दुरुस्त करें, वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करें और नंबर सिस्टम का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि पुलिस की सख्ती और नई पार्किंग व्यवस्था के बाद धारचूला की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।
