650 Lakhpati Didis Honoured in Narendra Nagar, 10 Shops Announced for Women SHGs
- नरेंद्रनगर में आयोजित हुआ लखपति दीदी सम्मान समारोह
- महिला समूहों के उत्पादों के लिए खुलेंगी 10 दुकानें
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में चलाए जा रहे लखपति दीदी अभियान के तहत शनिवार को नरेंद्रनगर में विधानसभा स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य बाजार स्थित स्व. सोबन सिंह नेगी सामुदायिक विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में 650 से अधिक लखपति दीदियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल मौजूद रहे। इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लखपति दीदी योजना की शुरुआत की थी। योजना ने शुरुआती दो करोड़ के लक्ष्य को पार करते हुए तीन करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और अब देश में छह करोड़ लखपति दीदियां बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

मंत्री उनियाल ने नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र की महिला स्वयं सहायता समूहों को स्थानीय उत्पाद और हस्तशिल्प के विपणन के लिए 10 दुकानें खोलने की घोषणा की। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक महिलाओं से इनका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ. हिमानी पुरोहित ने लखपति दीदी योजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिला मोर्चा की सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर अधिक से अधिक महिलाओं को योजना से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष मनीषा भंडारी ने किया, जबकि इंदु डंगवाल मुख्य संयोजक रहीं। कार्यक्रम को भाजपा नेता नलिन भट्ट, जिला अध्यक्ष मधु रावत, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार और तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट ने संबोधित किया।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, डॉ० वंदना डोभाल, ज्येष्ठ उपप्रमुख गीता दवांण, पूर्व जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा रेखा राणा, जिला पंचायत सदस्य हुकम सिंह भंडारी, अर्जुन सिंह दवांण, राजपाल सिंह पुंडीर, एडवोकेट देवेंद्र कुलियाल, सभासद साकेत बिजल्वाण सहित बड़ी संख्या में नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से आयी लखपति दीदी मौजूद रही।
