Four Killed After Car Falls Into 500-Metre Gorge in Mussoorie Near Dehradun
देहरादून@Rashtriy Vichar#। जनपद के मसूरी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देहरादून-मसूरी मार्ग पर झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत होने की सूचना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि बुधवार सुबह 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना मसूरी को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीम ने अब तक एक महिला का शव खाई से बाहर निकाल लिया है, जबकि अन्य शवों को निकालने का अभियान जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिल्ली नंबर की मारुति सिलेरियो कार (DL 5CS 4610) तेज ढलान पर संभवतः ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार लोग पास की एक दुकान से सामान खरीदकर लौटे थे। उन्होंने बातचीत में उत्तरकाशी से आने की जानकारी दी थी। सामान लेकर जैसे ही वे कार में बैठे, वाहन तेजी से ढलान की ओर बढ़ा और सड़क से फिसलते हुए खाली प्लॉट के रास्ते गहरी खाई में जा गिरा।
कार में सवार लोगों की पहचान सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत (हरियाणा), मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) तथा संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली के रूप में हुई है।
प्रथम दृष्टया हादसे का कारण ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। मौके पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी मसूरी स्वयं मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।
