BJP’s Rajendra Vikram Singh Panwar Elected Unopposed Chairman in Narendra Nagar Civic Polls
- सभासदों में भाजपा ने 4 व कांग्रेस ने 3 सीटों पर किया कब्जा
- 8 मतदाताओं ने दबाया नोटा का बटन
- यूकेडी नेत्री प्रमिला रावत और मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद चर्चा में बनी पालिका
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर।
नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर के स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन रद्द होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया गया।

पालिका परिषद के 7 वार्डों के लिए, विगत 9 जून को कराए गए मतदान के क्रम में आज गुरूवार को शहीद भगत सिंह नेगी राजकीय इंटर कॉलेज नरेंद्रनगर में पुलिस के सख्त पहरे में कराई गई मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की घोषणा की गई। बहरहाल मतगणना शांतिपूर्ण संपन्न हो गई।

सहायक रिटर्निग ऑफिसर नीरज कुमार ने बताया कि सात वार्डों में कुल 8 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। वार्ड नंबर एक, जिसमें मतदान के दिन 9 जून को क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश के स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल तथा उत्तराखंड क्रांति दल की महिला नेत्री प्रमिला रावत के बीच हुई तीखी नोंकझोंक के कारण यह वाकया पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय रहा,वहां वार्ड नंबर 1 से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार ममता ने कांग्रेस की उम्मीदवार रजनी को 159 मतों के भारी अंतर से हराया, ममता को 249 व रजनी को 90 मत हासिल हुए,जबकि यूकेडी की कल्पना को 50 मतों पर संतोष करना पड़ा। यहां पर दो नोटा भी पड़े कुल 384 मतदान हुआ।

वहीं वार्ड नंबर 2 में कांग्रेस की फायर ब्रांड महिला नेत्री आभा पंवार 148 मत लेकर विजयी रही दूसरे नंबर पर भाजपा के प्रकाश रमोला को 137 मत मिले, यहां पर भी एक नोटा का प्रयोग किया गया।

वार्ड नंबर 3 में भारतीय जनता पार्टी के सचिन भंडारी को 211 मत एवं कांग्रेस समर्थित निर्दलीय अरविंद रावत को 143 मत मिले कुल 357 मतदान में एक नोटा का प्रयोग किया गया।
वहीं वार्ड नंबर 4 में कांग्रेस के रवि नेगी 184 मत लेकर विजयी घोषित किए गए जबकि भारतीय जनता पार्टी की श्रीमती शैला गुसाईं 159 मत लेकर दूसरे स्थान पर रही कुल 343 मतदान हुआ।

वार्ड नंबर 5 में कुल 243 मत पड़े जिसमें तीन नोटा का प्रयोग किया गया पुष्पा राणा भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार 176 मत लेकर विजयी घोषित की गई जबकि कांग्रेस की रजनी को मात्र 59 मतों पर संतोष करना पड़ा।

यहां पर तीन नोटा का प्रयोग किया गया। वार्ड नंबर 6 में कांग्रेस के नगर अध्यक्ष पूर्व जिला पंचायत व पूर्व पालिका सदस्य सूरत सिंह आर्य की बहू रेखा आर्य103 मत लेकर विजयी घोषित हुई,जबकि दो बार इसी वार्ड से सभासद रह चुकी भाजपा की उम्मीदवार को 96 मतों पर संतोष करना पड़ा।

वार्ड नंबर 7 से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार तथा पार्टी के मंडल अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण 169 मत लेकर लगातार दूसरी बार सभासद चुनेगए, उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी तथा व्यापार मंडल नरेंद्र नगर के अध्यक्ष जितेंद्र चांदपुरी को मात देते हुए 113 मतों से हराया। चांदपुरी को 56 मत मिले।
उल्लेखनीय है कि पालिका के चुनाव में भाजपा एवं कांग्रेस को कोई नफा नुकसान नहीं हुआ क्योंकि गत बोर्ड में भी भाजपा के चार एवं कांग्रेस के तीन सभासद ही थे।
जीत के बाद भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विजयी प्रत्याशियों की खुशी में बाजार के मुख्य मार्ग पर जुलूस निकाला, पटाखे फोड़ और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
