- डीएम आशीष भटगांई ने छात्राओं को दिया सफलता का मंत्र
- कहा—लक्ष्य तय कर चुनौतियों से लड़ें
- निरंतर प्रयास से मिलेगी मंजिल
नदीम परवेज@ बागेश्वर#Rashtriya Vichar। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत ‘मेरा सपना, मेरा लक्ष्य’ कार्यक्रम के छठे संस्करण का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम में गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों और विशेषज्ञों ने छात्राओं को करियर निर्माण, लक्ष्य निर्धारण और सफलता के लिए जरूरी तैयारियों की जानकारी दी।

छात्राओं ने बेबाकी से रखी अपनी जिज्ञासाएं: छात्राओं ने विभिन्न करियर विकल्पों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं और सवाल विशेषज्ञों के सामने रखे, जिनका अधिकारियों ने समाधान करते हुए उन्हें उचित मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता के लिए चुनौतियों का सामना करना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
डीएम बोलीे,प्रतिभा पहुंचानने की है जरूरत: डीएम ने कहा कि आज बालिकाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में अनेक अवसर उपलब्ध हैं। जरूरत अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने की है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा तथा सरकारी और निजी क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी साझा की।
प्रतिभा को सराहा: इस दौरान छात्राओं ने अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन भी किया, जिसकी डीएम ने सराहना की। बाल विकास एवं शिक्षा विभाग की ओर से छात्राओं को बैग वितरित किए गए। मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगांई, शिक्षक गण सहित बालिकाएं एवं अन्य उपस्थित रहे।
