Excise Department seizes five cases of illegal English liquor in 14 Bigha, Muni Ki Reti. One accused arrested and booked under the Excise Act.
- 14 बीघा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक आरोपी गिरफ्तार
- आबकारी विभाग बोला, तस्करी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
वाचस्पति रयाल@ मुनिकीरेती। नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती क्षेत्र के 14 बीघा में आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। आबकारी निरीक्षक नरेंद्रनगर समरबीर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
आबकारी निरीक्षक समरबीर सिंह बिष्ट ने बताया कि जिला आबकारी अधिकारी टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में जनपदभर में अवैध शराब की तस्करी, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को 14 बीघा क्षेत्र में टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। कार्रवाई के दौरान रामवीर सिंह पुत्र कुंदन सिंह, निवासी स्वर्गाश्रम जोंक, जनपद पौड़ी गढ़वाल को पांच पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
आबकारी विभाग की कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। टीम में उपनिरीक्षक देवानंद वेदवाल, आनंद गुनसोला, आशीष नेगी, श्रवण कुमार और आजाद सिंह शामिल रहे।
