- धारचूला के कालिका निवास पंकज रेखोला को नम आंखों से अंतिम विदाई
- गत दिनों चमोली के तमक नाले में आई भारी तबाही में हो गये थे लापता
नदीम परवेज @धारचूला। चमोली जिले में तमक नाले की भीषण तबाही के दौरान लापता हुए धारचूला के कालिका निवासी जवान पंकज रेखोला का शव बरामद होने के बाद रविवार को उन्हें सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
31 वर्षीय पंकज रेखोला पुत्र भीम सिंह ग्राम गैर गांव, कालिका निवासी थे। वह बंगाल इंजीनियर्स में तैनात थे और चमोली जिले में जीआरईएफ (GREF) में सेवाएं दे रहे थे। तमक नाले में भारी तबाही के दिन से ही पंकज लापता थे। लंबे इंतजार के बाद उनका शव बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में शोक छा गया।
पंकज की शादी महज सात माह पहले हुई थी। परिवार ने अभी वैवाहिक जीवन की खुशियों के सपने संजोने शुरू ही किए थे कि जवान की मौत की खबर ने सभी को तोड़कर रख दिया। अंतिम विदाई के दौरान पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
अंतिम संस्कार में पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्राम प्रधान विक्की पिंगल, रमेश थलाल और पूर्व सैनिक कैप्टन भूपाल सिंह सहित लोगों ने पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले जवान पंकज रेखोला को क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। उनकी शहादत और सेवा को क्षेत्र हमेशा याद रखेगा।
