Maharashtra Hooch Tragedy: 15 Dead After Consuming Toxic Liquor in Pune and Pimpri-Chinchwad
महाराष्ट्र। महाराष्ट्र में एक बार फिर जहरीली शराब ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में जहरीली एवं स्पिरिट मिश्रित शराब पीने से अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी योगेश वानखेडे समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कई अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार पिंपरी-चिंचवड़ के दापोडी और फुगेवाड़ी इलाके में जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत हुई, जबकि पुणे के काले पड़ल इलाके में 3 और हडपसर इलाके में 2 लोगों ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि यह शराब अवैध तरीके से तैयार की गई थी और इसमें स्पिरिट व जहरीले रसायनों का इस्तेमाल किया गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक शराब पीने के कुछ समय बाद ही लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कई लोगों के मुंह से झाग निकलने लगा और उन्हें उल्टी, बेचैनी तथा सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कई लोगों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी योगेश वानखेडे लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चला रहा था। उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए व्यापक जांच की जा रही है।
सीएम फडणवीस ने कहा कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जहरीली शराब का यह नेटवर्क कितनी दूर तक फैला हुआ है। उन्होंने संकेत दिए कि शराब में मेथेनॉल जैसे खतरनाक तत्वों के इस्तेमाल की आशंका है, हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी सामने आएगी।
घटना के बाद प्रभावित इलाकों में दहशत और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अवैध शराब कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है। प्रशासन ने भी इलाके में छापेमारी तेज कर दी है और संदिग्ध ठिकानों की जांच की जा रही है।
