Two Killed in Tragic Rishikesh Road Accident After Uncontrolled Truck Falls 20 Meters
- ऋषिकेश भद्रकाली तिराहे पर हुआ भीषण सड़क हादसा
- सड़क किनारे लगा कंक्रीट डिवाइडर उखड़कर पास की झोपड़ी में गिरा
- झोपड़ी में रह रही महिला की दर्दनाक मौत
ऋषिकेश,@Rashtriy Vichar#। उत्तराखंड के ऋषिकेश में शुक्रवार प्रातः भद्रकाली तिराहे से आगे एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक डंपर चालक समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित हुआ ट्रक सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सड़क किनारे लगे दो भारी कंक्रीट डिवाइडर भी उखड़कर पास की एक झोपड़ी पर जा गिरे, जिसके नीचे दबकर महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय अचानक ट्रक डंपर अनियंत्रित हो गया और सड़क तोड़ते हुए नीचे खेत में जा गिरा। हादसे के दौरान जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकाला और एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं ट्रक चालक को भी गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतकों की पहचान फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर (हरिद्वार) और कौशल्या (42 वर्ष) पत्नी सुरेश, निवासी बावाड़ी, शिवपुरी के रूप में की है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
