Narendranagar Police fined Hotel Bloom Boutique ₹10,000 for violating late-night DJ noise regulations. Residents of Kanda village say repeated noise pollution is disturbing the peace in the Himalayan region.
- ग्रामीण परेशान, होटल संचालक बेपरवाह!
- हाईकोर्ट के आदेशों की उड़ाई धज्जियां
- रात 11 बजे तक बजता रहा डीजे
वाचस्पति रयाल@नरेंद्रनगर। पर्वतीय क्षेत्रों की शांत वादियों में बने आलीशान होटलों की मनमानी अब स्थानीय ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। नियमों और माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद कई होटल संचालक देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाकर न केवल ध्वनि प्रदूषण फैला रहे हैं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की शांति भी भंग कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नरेंद्रनगर के ग्राम कांडा स्थित होटल ब्लूम बुटीक में सामने आया, जहां पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करते हुए ₹10 हजार का चालान किया।
थाना प्रभारी नरेंद्रनगर देवराज शर्मा ने बताया कि बुधवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि होटल ब्लूम बुटीक में निर्धारित समय रात 10 बजे के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई।
इसके बाद होटल प्रबंधन के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों और ध्वनि प्रदूषण नियमों का उल्लंघन करने पर ₹10,000 का चालान किया गया। पुलिस ने होटल संचालक को भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन न करने की सख्त चेतावनी भी दी।

गौरतलब है कि ग्राम कांडा सहित आसपास के ग्रामीण लंबे समय से देर रात तक बजने वाले डीजे और तेज संगीत से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ों की शांत फिजा में लगातार हो रहे ध्वनि प्रदूषण से बुजुर्गों, बच्चों और विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके बावजूद कुछ होटल संचालक नियमों की अनदेखी करते हुए बेखौफ तरीके से देर रात तक कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
” यदि कहीं भी ध्वनि प्रदूषण या निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में डीजे बजाए जाने की शिकायत हो तो उसकी सूचना तुरंत डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।”
देवराज शर्मा, थाना प्रभारी,नरेन्द्रनगर।
