Pithoragarh Woman Dies; Police Investigating After Note Recovered from Residence
- पति के निधन के बाद अकेलेपन से जूझ रही थी महिला
- सुसाइड नोट में लिखा— ‘मेरे कदम के लिए कोई जिम्मेदार नहीं’
पिथौरागढ़@Rashtriy vichar। नगर के जाखनी मोहल्ले में शुक्रवार को एक 44 वर्षीय महिला की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। महिला ने अपने घर में फंदा लगा लिया। परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान करीब दो घंटे बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी जितेंद्र सोराड़ी के अनुसार मृतका की पहचान जाखनी निवासी भावना देवी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। नोट में महिला ने अपने माता-पिता से क्षमा मांगते हुए लिखा है कि उसके इस कदम के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है।
पुलिस के अनुसार भावना देवी का विवाह मनमोहन सिंह से हुआ था। लगभग आठ वर्ष पहले पति का निधन हो गया था। इसके बाद से वह अपने मायके में माता-पिता के साथ रह रही थीं। उनके कोई संतान नहीं थी। स्थानीय लोगों के अनुसार पति के निधन के बाद उनका जीवन काफी बदल गया था और वह परिवार के साथ ही रह रही थीं।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
