Haridwar Dry River Turns Into Flood After Heavy Rain, Vehicles Washed Away in Sudden Water Surge
- हरिद्वार की सूखी नदी बनी खतरा
- अचानक बढ़े जलस्तर से मची अफरा-तफरी
- रेस्क्यू में जुटी टीम
- क्रेन और हाइड्रा मशीनों की ली गई मदद
हरिद्वार@Rashtriy Vichar। धर्मनगरी में महज दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने हालात बदल दिए। लंबे समय से सूखी पड़ी नदी अचानक उफान पर आ गई और तेज बहाव ने नदी किनारे खड़े कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। खड़खड़ी क्षेत्र में कश्यप चौक और श्मशान घाट के बीच बारिश का पानी तेजी से बढ़ने से नदी का जलस्तर अचानक ऊपर पहुंच गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी किनारे खड़े कई वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए और कुछ दूरी पर जाकर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आया और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। क्रेन और हाइड्रा मशीनों की मदद से फंसे वाहनों को सुरक्षित निकालने का काम किया गया।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि कांवड़ मेला व्यवस्था के तहत मौके पर पहले से हाइड्रा और क्रेन उपलब्ध थे, जिनकी सहायता से राहत कार्य तेजी से शुरू कराया गया। उन्होंने बताया कि कुछ लोग श्मशान घाट पर अंत्येष्टि में शामिल होने आए थे और उन्होंने अपने वाहन नदी किनारे खड़े कर दिए थे, जो अचानक आए तेज पानी की चपेट में आ गए।
घटना के बाद पुलिस ने सूखी नदी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। लोगों को सतर्क करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि नदी क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को वाहन पार्क न करने दिया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
