Green Yoga Program Promotes Health and Environmental Awareness at Shatrughan Ghat
- शत्रुघ्न घाट में ‘हरित योग’ का संदेश, योग के साथ पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। मुनिकीरेती स्थित शत्रुघ्न घाट में शुक्रवार को आयुर्वेद विभाग टिहरी द्वारा आयोजित हरित योग कार्यक्रम में योग और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में अधिकारियों, स्थानीय नागरिकों, युवाओं और महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण का संकल्प लिया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी टिहरी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ शत्रुघ्न घाट के महंत मनोज द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर किया। योग सत्र के दौरान योग प्रशिक्षकों मनीष नेगी, नरेश व्यास, धर्म सिंह भंडारी और सपना बिष्ट ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया तथा योग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और संतुलित जीवनशैली का संदेश दिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मनुष्य और प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम भी है। अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना डंगवाल ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए व्यक्ति को अपने आंतरिक स्वास्थ्य के साथ बाहरी पर्यावरण को भी स्वच्छ रखना जरूरी है। उन्होंने लोगों से वृक्षारोपण, प्लास्टिक उन्मूलन और नियमित योग अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में घाट पर सफाई अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जिलेभर में भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया गया।
इस मौके पर डॉ० ममता पोखरियाल,डॉ० मीनाक्षी किथोरिया,डॉ० सुषमा,डॉ०अदिति शर्मा,डॉ० सुरभि शर्मा,डॉ० तुषिता बधानी, डॉ० स्नेह कपिल,डॉ० स्नेह , डॉ० सिद्धार्थ पांडे, फार्मेसी अधिकारी कैलाश प्रसाद भट्ट, दिनेश चंद्र सती,उमाशंकर गोले, हरिश,श्रीमती पूनम,संजू ,श्रीमती प्रीति, ऊषा जोशी, योग प्रशिक्षकों में नरेश व्यास,मनीष नेगी, राकेश सेमवाल,धरम सिंह भंडारी, संदीप सिंह, अनुसेवक विनोद बिजलवान, रामचंद्र नेगी और श्री नरेश भंडारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
