Political Heat Rises in Narendranagar Municipal Election, Eyes on High Court Decision
- मैदान में भाजपा-कांग्रेस के बीच यूकेडी ने बढ़ाई चुनावी गर्मी
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर। नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के चुनाव को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। आगामी 9 जून को मतदान और 11 जून को मतगणना होनी है, लेकिन चुनावी चर्चा का केंद्र अध्यक्ष पद का विवाद और वार्डों में त्रिकोणीय राजनीतिक हलचल बनी हुई है।
अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र सिंह गुसाईं का नामांकन निरस्त होने के बाद भाजपा के राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं। हालांकि कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र गुसाईं ने नामांकन निरस्त किए जाने को साजिश बताते हुए नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। अब स्थानीय जनता की नजरें हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हैं।
वहीं सात वार्डों वाली इस नगर पालिका में भाजपा और कांग्रेस ने सभी वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारे हैं। दोनों दल फिलहाल शांत रणनीति के तहत घर-घर संपर्क अभियान चला रहे हैं, लेकिन चुनाव प्रचार में खुलकर ताकत झोंकने से अभी बच रहे हैं।
दूसरी ओर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने वार्ड नंबर-1 किनवाणी से कल्पना को मैदान में उतारकर चुनाव प्रचार को आक्रामक रूप दे दिया है। यूकेडी ने कुमारखेड़ा में नुक्कड़ सभा कर भाजपा पर तीखे राजनीतिक हमले बोले। पार्टी नेताओं ने भाजपा को फासिस्ट ताकत बताते हुए बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा और मतदाताओं से यूकेडी प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।
अब नरेंद्रनगर निकाय चुनाव में स्थानीय मुद्दों के साथ सियासी बयानबाजी भी तेज होती दिखाई दे रही है।
इस दौरान दल के केंद्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट आशुतोष नेगी, यूथ के केंद्रीय महासचिव विकास चंद्र रयाल, जिलाध्यक्ष टिहरी डीडी पंत, अवकाश प्राप्त मेजर संतोष भंडारी, प्रमिला रावत, महामंत्री हीरा सिंह फर्सुवाण, गब्बर सिंह नेगी, सूबेदार देवेंद्र उनियाल तथा वीर सिंह पंवार आदि मौजूद थे।
