19 Pilgrims Injured After Tempo Traveller Overturns Near Hanuman Chatti in Badrinath
- हनुमान चट्टी के पास टैम्पो ट्रेवलर पलटा, 19 यात्री घायल
गोपेश्वर@Rashtriy Vichar#Accident#।
बदरीनाथ धाम के निकट हनुमान चट्टी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक टैम्पो ट्रेवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार 19 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए जेपीएस अस्पताल लामबगड़ भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना शनिवार सुबह हुई। हादसे की सूचना मिलते ही फायर सर्विस ज्योतिर्मठ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। टीम ने सभी घायलों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
घायलों को फायर सर्विस वाहन और अन्य निजी वाहनों की मदद से निकटवर्ती चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस के अनुसार हादसे में घायल हुए 19 लोगों में से 3 को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि 16 घायलों को उपचार हेतु जेपीएस अस्पताल लामबगड़ में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक 4 से 5 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की है।
